मंडी जिले के सिद्धपुरा स्कूल में तेंदुए की दहशत से प्रार्थना सभा रद्द कर विद्यार्थियों को चार घंटे क्लासरूम में नजरबंद रखना पड़ा। स्कूल में करीब 350 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शुक्रवार को स्कूल में प्रार्थना सभा से ऐन पहले चौकीदार ने तेंदुए की गुर्राहट सुनने की सूचना दी। इससे हड़कंप मच गया।
बाद में वन विभाग की टीम ने स्कूल का कोना-कोना खंगाल मारा, लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार सुबह स्कूल के चौकीदार ने प्रिंसिपल को बताया कि उसने ग्राउंड में बारिश के पानी के निकासी पाइप में तेंदुए के गुर्राने की आवाज सुनी है। इसके बाद स्कूल में खबर फैल गई कि घायल तेंदुआ पाइप में है।
दहशत के मारे पुलिस और वन विभाग को सूचित किया गया। प्रार्थना सभा रद्द कर दी गई। बच्चों को क्लास रूम में पहुंचाकर दरवाजे बंद कर दिए गए। वहीं, पुलिस और वन विभाग की टीम भी स्कूल पहुंच गई। करीब चार घंटे तक तेंदुए की तलाश की गई। बाकायदा, पाइप भी उखाड़ा गया, लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं लगा।
स्कूल में तेंदुआ घुसने की सूचना पर अभिभावक भी बदहवासी में स्कूल पहुंच गए। घंटों तलाश के बाद भी जब तेंदुआ नहीं मिला तो स्कूल को सुरक्षित घोषित कर बच्चों को बंद कमरों से बाहर निकाला गया।
प्रधानाचार्य सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि सुबह स्कूल लगने से पहले चौकीदार ने पानी के आउटलेट में लगे पाइप में तेंदुए के गुर्राने की सूचना दी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और वन विभाग को सूचित किया गया। प्रार्थना सभा रद्द कर दी गई। बच्चों को कमरों में रखा, ताकि कोई अनहोनी न हो।