हिमाचल प्रदेश के ऊपरी भागों ने फिर से बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। प्रदेश की राजधानी शिमला के अलावा डलहौजी और मनाली में भी शनिवार को बर्फबारी हुई। लाहौल में लगातार तीसरे दिन दोबारा हिमस्खलन हुआ। वहीं, चंबा जिले के न्याग्रां के पास हिमस्खलन से रावी नदी का प्रवाह पांच घंटे थमा रहा। राज्य में बर्फबारी से तीन नेशनल हाईवे समेत 271 सड़कें, 22 बिजली ट्रांसफार्मर और नौ पेयजल योजनाएं ठप हो गईं। शिमला-रामपुर, आनी-कुल्लू और मनाली-लेह एनएच बर्फबारी से बंद हुए हैं। ऊपरी शिमला में भी वाहनों के पहिये थम गए हैं। चंबा के चुराह में दो मंजिला स्लेटपॉश मकान के चार कमरों पर चट्टानें गिरने से भारी नुकसान हुआ है।
किन्नौर के बाद चंबा जिला के स्कूलों में भी शनिवार को छुट्टी करनी पड़ी। राजधानी शिमला में शनिवार सुबह बारिश के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। रिज मैदान सहित शहर के कई क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। इससे शहर की कई सड़कों पर फिसलन भी बढ़ गई। कुफरी, फागू, नारंकड़ा, खड़ापत्थर में भी बर्फबारी से यातायात प्रभावित हुआ है। ऊपरी शिमला के लिए बसंतपुर होकर बसें भेजी जा रही हैं।
2 of 10
शिमला में बर्फबारी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहेगा। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में रविवार और सोमवार को हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 28 फरवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर एक और दो मार्च को मौसम अधिक खराब रहने के आसार हैं।
3 of 10
खज्जियार में बर्फ के साथ की अठखेलियां
- फोटो : संवाद
वहीं, पर्यटन स्थल खज्जियार में सीजन की चौथी बर्फबारी का पर्यटकों ने जमकर आनंद उठाया। शुक्रवार और शनिवार को खज्जियार में आसमान से सफेद चांदी बरसी, जिसे देख पर्यटक काफी आनंदित हुए। उन्होंने बर्फ में परिवार के साथ अठखेलियां कीं। डलहौजी से पर्यटक खज्जियार की वादियों का नजारा लेने के लिए 80 किमी का सफर तय करके वाया चंबा होकर वहां पहुंचे क्योंकि, ताजा बर्फबारी होने से खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग बंद हो गया है।
4 of 10
हिमाचल में बर्फबारी।
- फोटो : संवाद
खज्जियार में पर्यटक आने से व्यवसायियों के भी चेहरे खिल उठे। खराब मौसम की वजह से पर्यटन कारोबार जो पिछले कई दिन से ठप पड़ा था, बर्फबारी होने से चमक उठा। लोगों का कहना है कि सीजन में यह चौथी बार बर्फबारी हुई है। बर्फबारी सेब और अन्य फसलों के लिए काफी लाभदायक भी मानी जा रही है।
5 of 10
शिमला में बर्फबारी।
- फोटो : अमर उजाला
उधर, वीकेंड पर शिमला एक बार फिर सैलानियों से गुलजार हो गया। भारी संख्या में बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए शनिवार को सैलानी शिमला पहुंचे। चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से वीकेंड पर सैलानियों ने शिमला का रुख किया। हालांकि दोपहर के समय बर्फबारी के बाद शहर की सड़कों पर फिसलन के कारण लगे जाम के कारण सैलानियों को परेशानी भी झेलनी पड़ी।