हिमाचल में छोटी काशी के पड्डल मैदान में आयोजित भाजपा की परिवर्तन रैली में पीएम मोदी ने दिल की बातें कहीं। मोदी ने हिमाचल में अपने भाजपा प्रभारी के कार्यकाल का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने कई रोचक किस्से भी बताए।
उन्होंने कहा कि जब में हिमाचल भाजपा का प्रभारी था तो कोल डेम और पार्वती परियोजनाओं के शिलान्यास पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी ने किए थे। शिलान्यास कार्यक्रमों में वे एक प्रभारी होने के नाते उपस्थित रहे थे।
उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे इन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वहीं, नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भाजपा संगठन को मजबूत करने में नरेंद्र मोदी की अहम भूमिका है। कहा कि नरेंद्र मोदी हिमाचल भाजपा के सात साल तक प्रभारी रहे हैं। उनके मार्ग दर्शन से ही हिमाचल बीजेपी ने 1998 में पहली बार पांच साल सरकार बनाई थी।
मोदी ने कहा कि मैं काशी से लोकसभा का सांसद हूं। आज मुझे छोटी में सर झुकाने का मौका मिला है। आज मैं यहां आया तो थोड़ा संकोच हो रहा था, मैं भीतर से थोड़ा हिला हुआ था कि हिमाचल के लोगों ने मुझे इतना प्यार दिया है, मैंने यहां आने में देर कर दी। मोदी ने कहा कि मैंने सोचा था कि यहां लोग मुझसे नाराज होंगे, गुस्से में होंगे, पर मैंने देखा कि आपका दिल भी हिमालय जैसा बड़ा है।
पीएम मोदी ने हिमाचल के मंडी जिले की महिलाओं की खूब तारीफ की। कहा कि उनके स्वच्छता का सपना यहां की महिलाएं साकार कर रही है। मंडी जिले को हाल ही में नंबर वन स्वच्छ जिले का पुरस्कार मिला था। इसके लिए मोदी ने यहां की महिलाओं का धन्यवाद किया। साथ ही रैली में शामिल लोगों से कहा कि वे अपने साथ लाई पानी की बोतलें भी साथ ले जाएं। यहां न फेंके।