गेहूं की फसल काटने जा रहे लोगों का वाहन (टाटा सूमो) बसाहीधार में अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गया। मामला हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का है। बुधवार सुबह दस बजे हुए हादसे में चालक सहित दस लोग घायल हो गए हैं।
सभी घायलों को जोगिंद्रनगर अस्पताल लाया गया। यहां से दो गंभीर घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घायलों में नौ महिलाएं शामिल हैं। धर्मपुर के कौंसिल गांव की महिलाओं का एक दल बुधवार सुबह जोगिंद्रनगर में अपने रिश्तेदारों के पास गेहूं काटने के लिए जा रहा था। वे सभी एक वाहन में सवार हुए।
बसाहीधार के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इसमें सवार नौ महिलाएं घायल हो गईं। हादसे में चालक को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस में जोगिंद्रनगर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो महिलाओं को टांडा रेफर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तारी के कारण हुआ है। थाना प्रभारी जोगिंद्रनगर संदीप शर्मा ने कहा कि हादसे में दस लोग घायल हुए है। दो को गंभीर हालत में टांडा रेफर किया गया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
घायलों की पहचान मीना पत्नी रणजीत, रोशन लाल (चालक) पुत्र अच्छरू राम, कौशल्या देवी पत्नी नानक चंद, सुनीता देवी पत्नी रोशन लाल, रूमा देवी पत्नी कुलदीप चंद, सोमा देवी पत्नी जयराम, रूमा देवी पत्नी दुनी चंद, रीना देवी पत्नी कृष्ण चंद, गोदावरी पत्नी नत्था सिंह, सुंफली देवी पत्नी सुखराम के रूप में हुई है।