शिमला के रिज मैदान पर पुराने को अलविदा और नए साल के स्वागत को लेकर पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों में गजब का उत्साह दिखा। देररात तक रिज पर जश्न का दौर चलता रहा। डीजे की धुनों पर सैलानियों और स्थानीय लोगों ने जमकर डांस किया। बारह बजते ही पूरा शहर आतिशबाजी से गूंज उठा। रिज पर इकट्ठा हुए लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। होटलों में रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए।
रिज और मालरोड पर दोपहर बाद ही भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी। गेयटी के ओपन थियेटर में लोक नृत्य उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें पहाड़ी नाटियों पर लोगों ने जमकर डांस किया। जिला प्रशासन ने पहली बार सैलानियों की सहूलियत के लिए शहर में जगह-जगह सूचना बोर्ड लगा रखे हैं जिसमें पार्किंग और अन्य जानकारी का विवरण दिया है।
इन बोर्डों पर अधिकारियों के नंबर भी दर्शा रखे हैं। शहर के एंट्री प्वाइंट के अलावा यह बोर्ड मालरोड पर भी लगा रखे हैं। सर्कुलर रोड पर बाहरी राज्यों से भारी संख्या में गाड़ियां आ रही हैं। ट्रैफिक जवान तैनात हैं जो सैलानियों को गाइड कर रहे हैं। दोपहर बाद से मालरोड और रिज मैदान पर शाम ढलते-ढलते हजारों लोग नए साल का जश्न मनाने उमड़ पड़े।
शहर के अधिकांश होटलों में नए साल के जश्न को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बर्फ की चाह लेकर शिमला आने वाले पर्यटकों ने कुफरी, छराबड़ा और नारकंड़ा का रुख किया। देर रात तक रिज और मालरोड पर सैलानियों की भीड़ नाचते गाते नजर आई। इनमें युवाओं की संख्या अधिक थी।
नए साल का जश्न सोमवार शाम चार बजे ही शुरू हो गया था। रिज मैदान पर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों पर हजारों की संख्या में उमड़े पर्यटकों ने नाचते गाते खूब धमाल मचाया। कई जगह सैलानी खुले में जाम छलकाते भी नजर आए। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने पर्यटकों के लिए नए साल की पूर्व संध्या को यादगार बनाने के लिए अपने चयनित होटलों में विशेष आयोजन किए। डीजे म्यूजिक नाइट और डाइन एंड डांस का आयोजन किया गया।