हिमाचल में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार रात से शुरू हुई बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। कुमारहट्टी के पास पहाड़ी दरकने से आधा घंटे यातायात प्रभावित रहा। नेरवा के हलाऊ स्कूल में कुछ दीवारें ढह गई, जबकि कुछ में दरारें आ गईं।
हमीरपुर-कांगड़ा के कई घरों और संस्थानों में बारिश का पानी घुस गया। राजधानी शिमला में मंगलवार को दिन भर मूसलाधार बारिश जारी रही। सोलन के कुमारहट्टी में रविवार को चार मंजिला भवन दरकने के बाद मंगलवार को कुमाहट्टी के समीप पहाड़ी दरक गई।
इस कारण यातायात आधे घंटे प्रभावित रहा। जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंच कर मार्ग को बहाल किया। घटना के दौरान कुछ वाहनों को बड़ोग मार्ग से भेजा गया। पहाड़ी गिरने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जिले के साधुपुल, अर्की, नालागढ़ और रामशहर में भी बारिश से नुकसान हुआ है।
सोमवार रात हुई भारी बारिश से नेरवा के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हलाऊ के भवन की दीवारें ढह गई। दीवार गिरने से स्कूल भवन को भी खतरा पैदा हो गया है। भवन के अन्य कमरों की दीवारों में भी दरारें आ गई हैं। स्कूल भवन की छत कुछ दिन पूर्व ही तूफान में उड़ गई थी। इससे स्कूल भवन में पढ़ना छात्रों के लिए जोखिम भरा हो गया है।
हमीरपुर जिला में मंगलवार को हुई बारिश राहत के साथ-साथ आफत बनकर बरसी। बारिश का पानी कई घरों और संस्थानों में घुस गया। सुजानपुर-हमीरपुर रोड़ पर एक पेड़ गिर गया। इस कारण रोड पर करीब पौना घंटा तक यातायात बंद रहा। सुजानपुर कॉलेज परिसर में भी बारिश का पानी घुस गया।