मानसून विदा होने से पहले हिमाचल में भारी बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। शुक्रवार रात से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश जारी है। चोटियां बर्फ से लद गई हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
भूस्खलन से प्रदेश में 150 से ज्यादा छोटी-बड़ी सड़कें बंद हो गई हैं। प्रदेश में हवाई उड़ानें भी रद्द हो गईं।
काजा में 15, रोहतांग और कुंजुम दर्रा में 10-10 सेंटीमीटर से ज्यादा बर्फबारी रिकार्ड हुई है। कई जगह जलभराव हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार और सोमवार को भी प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 25 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। इस माह के अंत में प्रदेश से मानसून विदा होने का पूर्वानुमान है।
बर्फबारी के चलते काजा जा रही निगम की बस सहित नौ गाड़ियां कुल्लू वापस भेज दीं। लाहौल-स्पीति, कुल्लू-मनाली, चंबा के तीसा, पांगी और मणिमहेश की चोटियों पर भारी बर्फबारी दर्ज की गई है।