पहाड़ों पर फिर से हिमपात शुरू हो गया है। मंगलवार सुबह से ही मनाली समेत कई स्थानों पर बर्फबारी हो रही है। अगले तीन दिन ओलावृष्टि हो तूफान की चेतावनी जारी की गई है। देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में मंगलवार को मार्च महीने में तीन साल बाद हिमपात हुआ है।
इससे पहले साल 2014 में मार्च महीने में यहां बर्फबारी रिकार्ड की गई थी। मनाली के अलावा रोहतांग दर्रा, जलोड़ी दर्रा, केलांग और किन्नौर की ऊंची चोटियों में भी ताजा बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा समेत जिला कुल्लू और जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मंगलवार को बर्फबारी हुई।
रोहतांग दर्रा में 30 सेंटीमीटर, मनाली में 12 सेंटीमीटर, सोलंगनाला में 20 सेंटीमीटर, कोकसर में 15 सेंटीमीटर, सिस्सू, उदयपुर, गोंधला तथा खंगसर में छह-छह सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। प्रदेश के मैदानी जिलों कांगड़ा और ऊना के कई क्षेत्रों में मंगलवार को बारिश हुई जबकि राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में आठ से 10 मार्च तक ओलावृष्टि और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है। 12 मार्च तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
जलोड़ी दर्रा में छह सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी होने से औट-बंजार-सैंज हाइवे-305 पर बस सेवा बंद हो गई है। कुल्लू से गई तीन बसें बड़ानाला व सोझा से वापस कुल्लू लौट आई। बारिश से जिला कुल्लू में एक दर्जन रूट प्रभावित हुए। उधर, जिला किन्नौर की ऊंची चोटियों में भी बर्फबारी हुई है।