बेटी की शादी के दिन सीएम वीरभद्र के घर सीबीआई के छापे
हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बेटी मीनाक्षी की शादी के दिन शनिवार सुबह 8:00 बजे सीबीआई ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीएम के शिमला स्थित निजी आवास हॉली लॉज, रामपुर में पुश्तैनी महल (पद्म पैलेस) और दिल्ली में सरकारी घर समेत कुल 11 ठिकानों पर एक साथ छापामारी की। सीबीआई टीम साढ़े 11 घंटे तक वीरभद्र सिंह के घर पर डटी रही। टीम घर में रखे सभी लैपटॉप कब्जे में लेकर और सारे सामान की लिस्ट बनाकर देर शाम 7:30 बजे दिल्ली लौट गई है। फोटो: नरेश भारद्वाज
बेटी की शादी के दिन सीएम वीरभद्र के घर सीबीआई के छापे
बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान टीम को करीब ढाई लाख रुपये नकद और पुश्तैनी गहने मिले हैं। टीम ने वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह और बेटे विक्रमादित्य सिंह से लंबी पूछताछ भी की। छापामारी के दौरान हॉली लॉज में मंत्री विद्या स्टोक्स, मुकेश अग्निहोत्री, ठाकुर सिंह भरमौरी, कर्नल धनी राम शांडिल, सुधीर शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल और उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी भी मौजूद थे। डीआईजी सीबीआई के नेतृत्व में 25 अफसरों और कर्मचारियों की टीम हॉली लॉज पहुंची तो उस समय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बेटी के शादी समारोह में संकटमोचन मंदिर जाने की तैयारी कर रहे थे।
बेटी की शादी के दिन सीएम वीरभद्र के घर सीबीआई के छापे
डीआईजी ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके खिलाफ शुक्रवार को सीबीआई ने मुकदमा दर्ज किया है। घर की तलाशी लेनी है। सर्च वारंट है। वीरभद्र ने कहा कि आज उनकी बेटी की शादी है। वे वहीं निकल रहे हैं। आप तसल्ली से घर को सर्च कर सकते हैं। चाबियों का गुच्छा देकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह परिवार के साथ संकट मोचन मंदिर चले गए। शादी की रस्में निभाने के बाद मुख्यमंत्री मंदिर से करीब ग्यारह बजे लौटे। सीबीआई ने जून 2015 में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह, बेटे विक्रमादित्य सिंह, बेटी अपराजिता सिंह और एलआईसी एजेंट आनंद चौहान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर प्रारंभिक जांच शुरू की थी।
बेटी की शादी के दिन सीएम वीरभद्र के घर सीबीआई के छापे
सीबीआई ने यह जांच सीएम वीरभद्र सिंह की 6.1 करोड़ की आय पर उठे सवाल पर शुरू की, जिसका स्रोत स्पष्ट नहीं होने के आरोप थे। यह आमदनी वर्ष 2009 से 2011 के बीच की बताई जाती है, जब वीरभद्र सिंह केंद्रीय इस्पात मंत्री थे। मुख्यमंत्री पर आरोप हैं कि 6.1 करोड़ रुपये उनकी और उनके परिवार की जीवन बीमा पॉलिसी में निवेश किए गए। वीरभद्र सिंह की ओर से यह आमदनी सेब के बगीचे से हुई बताई गई है। लेकिन कुछ ही साल में सेब के बगीचे से आमदनी करोड़ों रुपये कैसे बढ़ गई, इस पहलू पर जांच चल रही है।
बेटी की शादी के दिन सीएम वीरभद्र के घर सीबीआई के छापे
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हॉली लॉज में बेटी की शादी समारोह के मौके पर रिश्तेदारों और बारातियों को लंच करवा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सीबीआई के लोगों से कहा कि यू आर अनइनवाइटेड गेस्ट, बट बेटी की शादी है आप भी लंच कर लो। हालांकि, सीबीआई की टीम ने लंच करने से इंकार कर दिया। मुख्यमंत्री के चेहरे पर कोई शिकन नजर नहीं आ रही थी, लेकिन इस बात का मलाल जरूर था कि बेटी की शादी के दिन ही उनके घर पर रेड की गई।