हिमाचल मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 25 फीसदी बस किराया बढ़ाने के फैसले को लागू करने पर मुहर लगा दी है। न्यूनतम बस किराया भी 5 रुपये से बढ़ाकर 7 रुपये कर दिया गया है। बीते 10 जुलाई को मंत्रिमंडल की बैठक में किराया बढ़ाने का फैसला लिया गया था लेकिन कई संगठनों और विपक्ष के विरोध के बाद सरकार बैकफुट पर आ गई थी। इसी बीच निजी बस ऑपरेटर सरकार पर किराया बढ़ाने का दबाव बनाते रहे। अंतत: सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में किराया बढ़ाने के फैसले को लागू करने की मंजूरी दे दी गई।
हिमाचल में बस किराया बढ़ाने को मंजूरी, अब चुकाने होंगे इतने रुपये
कोरोना काल में आम लोगों के लिए यह बड़ा झटका है। वहीं, निजी बस ऑपरेटर संघ के महासचिव रमेश कमल ने बताया कि मंगलवार से सभी ऑपरेटर 100 फीसदी सवारियों के साथ बसें चलाना शुरू कर देंगे। हिमाचल में 3100 निजी बसें हैं। कोरोना के चलते सवारियां न मिलने और डीजल महंगा होने के कारण कई ऑपरेटरों ने बसें खड़ी कर दी थीं। उल्लेखनीय है कि 11 जुलाई के अंक में अमर उजाला ने किराया बढ़ोतरी के फैसले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद विपक्ष समेत कई संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन किए थे।
साधारण बसें
क्षेत्र अब पहले
पहाड़ी 2.18 1.75
मैदानी 1.40 1.12
डीलक्स बसें
क्षेत्र अब पहले
पहाड़ी 2.71 2.17
मैदानी 1.71 1.37
वोल्वो
क्षेत्र अब पहले
पहाड़ी 4.4 3.62
मैदानी 3.43 2.74