लोकसभा चुनाव के एलान से पहले प्रदेश सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। हिमाचल पुलिस में कुछ 1063 कांस्टेबलों की भर्ती होगी। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
कांस्टेबल भर्ती के लिए पहली बार हिमाचल पुलिस ने ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की है। अभ्यर्थी 30 मार्च से 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे। कांस्टेबल बनने के लिए लिखित और शारीरिक दक्षता परीक्षा के अलावा 15 अंकों का साक्षात्कार होगा।
पुरुषों के लिए कांस्टेबल के 720 पद, महिलाओं के 213 और चालक कांस्टेबलों के लिए 130 पद रखे गए हैं। सबसे ज्यादा कांगड़ा जिले में 234 पद जबकि सबसे कम पांच पद लाहौल स्पीति में भरे जाएंगे।
अधिसूचना के अनुसार भर्ती प्रक्रिया हर जिले में अलग-अलग समय पर होगी, जिसकी अधिसूचना अलग से होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में श्रेणीवार लंबाई और पुरुष आवेदकों की छाती की नपाई के लिए न्यूनतम मानक तय किए गए हैं।
उम्र की अधिकतम और न्यूनतम उम्र तय करने के लिए एक जनवरी 2019 को कट ऑफ डेट रखा गया है। खास बात यह है कि बारहवीं की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन के लिए पात्र होंगे। इंटरव्यू के समय उन्हें परीक्षा पास करने का प्रमाणपत्र दिखाना होगा। पुरुषों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में न्यूनतम 6.30 मिनट में 1500 मीटर रेस और महिला आवेदकों को 4.5 मिनट में 800 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।