कोरोना संक्रमण के बीच प्रोटोकाल का पालन करते हुए उत्तर प्रदेश में पूरे जज्बे और हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए झंडा फहराया और राष्ट्रगान गाया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानभवन में तिरंगा फहराया और प्रदेशवासियों को बधाई दी। इसी तरह सरकारी कार्यालयों में अफसरों व कर्मचारियों ने झंडा फहराया।
लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ कार्यकर्ताओं ने झंडारोहण कर सभी को बधाई दी।
शहर की ईदगाह पर मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने मुस्लिम भाइयों के साथ झंडारोहण किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, अधिकारीगण, उपस्थित भाइयों, बहनों, आप सभी को 74वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके नेतृत्व में स्वाधीनता का आंदोलन चला था। सरदार पटेल, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, बाबा साहब डॉ. बी.आर.अम्बेडकर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे भारत माता के वीर सपूतों को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करते हुए मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
लखनऊ में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व कार्यकर्ताओं ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे देश के स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है। हम सभी प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हैं।
लखनऊ की ईदगाह पर मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली के साथ मुस्लिम भाइयों ने ध्वजारोहण किया।
लखनऊ मेट्रो के कार्यालय पर अफसरों व कर्मचारियों ने तिरंगा फहराया।