लखनऊ-बाराबंकी सीमा पर एलपीजी टैंकर के पलटने से महिला डॉक्टर समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गैस रिसाव होने से करीब एक किलोमीटर के एरिया में गैस की धुंध छा गई, जिससे आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वहीं हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर तक करीब पांच घंटे तक जाम लगा रहा।
एक ठेले वाले को बचाने के चक्कर में इंडेन कंपनी का एलपीजी गैस टैंकर सामने से आ रही एक बोलेरो व एक सफारी कार से टकराकर पलट गया। इस दौरान आग लगने व किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए करीब एक दर्जन फायर ब्रिगेड के वाहन पर सवार कर्मी मौके पर पहुंच गए।
बचाव कार्य के लिए इंडियन ऑयल के बॉटलिंग प्लांट से आई टीम ने करीब शाम साढ़े 7:00 बजे किसी तरह रिसाव बंद किया। वहीं पुलिस ने आसपास के लोगों को सतर्क किया।
बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे लखनऊ से फैजाबाद की ओर जा रहे इंडेन गैस कंपनी के टैंकर के सामने शहर कोतवाली क्षेत्र में मोहम्मदपुर पुलिस चौकी के समीप अचानक एक ठेले वाला आ गया। ठेले वाले को बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा, इस दौरान हाईवे पर आ रही एक सफारी कार व एक बोलेरो भी टैंकर से टकरा गई और टैंकर हाईवे पर ही पलट गया। (तस्वीर- टैंकर से टकराने के बाद सफारी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।)
इस हादसे में सफारी सवार हिंद मेडिकल कॉलेज से इंटर्नशिप कर रही डॉ. शाहनूर खातून और चालक शिव कुमार सोनी समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें से तीन का निजी अस्पताल और दो जिला अस्पताल में भर्ती हैं। महिला डॉक्टर की हालत गंभीर है।