लखनऊ के चिनहट के आनंदी वॉटर पार्क में शादी समारोह के दौरान सोमवार देर रात अचानक आग लग गई। आग रिसॉर्ट के छठी मंजिल पर बने कमरे में लगी। जिसमें दूल्हे का सारा सामान रखा हुआ था। हादसे में सारा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस व दमकल की गाड़ियों ने आग पर दो घंटे में काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभय भान पांडेय ने बताया कि आनंदी वाटर पार्क में लगा फायर फाइटिंग सिस्टम पूरी तरह से खराब है। आग धूप बत्ती व दीपक के कारण लगी। वाटर पार्क के अग्निशमन यंत्रों की जांच कराई जाएगी। इसके लिए प्रबंधन को नोटिस दिया जाएगा।
रिसॉर्ट में सोमवार को गोरखपुर के कारोबारी कृष्ण गोपाल अग्रवाल के बेटे सगुन अग्रवाल के शादी समारोह का आयोजन था। सगुन की शादी फैजाबाद के संजय अग्रवाल की बेटी आकांक्षा से हो रही थी। नीचे हॉल में तिलक समारोह चल रहा था। इसमें शामिल होने के लिए दूल्हा सगुन के कमरे-607 में पूजन करने के बाद ताला बंदकर नीचे पहुंचा।
अचानक छठी मंजिल से तेज धमाकों की आवाज आने लगी। कमरे के खिड़कियों के शीशे टूटकर बिखरने लगे। धमाके की आवाज सुनकर लोग हॉल से बाहर लॉन में पहुंचे तो देखा को छठी मंजिल से तेज लपटें निकल रही थी।
सुरक्षाकर्मियों की सूचना पर चिनहट प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, बीबीडी चौकी प्रभारी अभिषेक तिवारी फोर्स लेकर पहुंच गए। इसके बाद लोगों को सुरक्षित हटाया जाने लगा। दमकल की पांच गाड़ियां और हाईड्रोलिक प्लेटफार्म मौके पर पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।