लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार के एक अपार्टमेंट में रहने वाली युवती ने गुरुवार दोपहर शराब के नशे में धुत होकर जमकर उत्पात मचाया। उसने पड़ोस में रहने वाले प्रापर्टी डीलर के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। अपार्टमेंट की रेजीडेंट वेलफेयर समिति के पदाधिकारी व अन्य लोगों ने विरोध किया तो युवती ने अपना बिस्तर और कपड़े बाहर निकालकर आग लगा दी। पुलिस उसे थाने ले गई। हालांकि, बाद में युवती व प्रापर्टी डीलर ने आपस में समझौता कर लिया।
इंस्पेक्टर रामसूरत सोनकर ने बताया कि युवती निजी कंपनी में काम करती है और यहां किराये के फ्लैट में अकेले रहती है। अपार्टमेंट के लोगों ने बताया कि युवती अक्सर शराब के नशे में धुत होकर शोरगुल व हंगामा करती है। कई बार इसका विरोध किया जा चुका है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे युवती ने जमकर शराब पी और प्रापर्टी डीलर के फ्लैट में घुसकर झगड़ा करने लगी।
आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों का कहना है कि दोनों में लेन-देन का विवाद चल रहा है। युवती ने फ्लैट में तोड़फोड़ के साथ मारपीट की। लोगों ने विरोध किया तो भड़क गई और अपने फ्लैट में रखा बिस्तर व कपड़े बालकनी में निकालकर आग लगा दी। लपटें देख हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस युवती और प्रापर्टी डीलर को थाना ले आई। वहां भी काफी देर तक दोनों में विवाद चला।
पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण भी कराया है। आरडब्ल्यूए के सचिव श्रीनारायण का कहना है कि दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी लेकिन बाद में समझौता कर लिया।