टेबल टेनिस टूर्नामेंट के चलते जम्मू पहुंची वंडर गर्ल नैना जायसवाल और गूगल ब्वॉय अगस्त्या जायसवाल ने श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप का दौरा किया। इसके बाद दोनों ने शुद्धमहादेव पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए।
भाई-बहन की जोड़ी जिसकी मुरीद दुनिया, इनकी प्रतिभा के आगे गूगल भी हैरान, पटनीटॉप पहुंचकर कही ये बात
जम्मू महिला कॉलेज में मोटीवेशनल स्पीच के दौरान नैना जायसवाल ने बताया कि उन्होंने आठ साल की उम्र में दसवीं की परीक्षा पास की और दस साल की उम्र में 12वीं कक्षा की पढ़ाई पूरी कर ली थी। इसके अलावा उन्होंने 12 साल की उम्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली। इसके साथ ही उन्होंने 16 साल की उम्र में पीएचडी में एडमिशन ले लिया है।
उन्होंने बताया कि वह दोनों हाथों से लिखने में सक्षम हैं और तीन घंटे में बनने वाली हैदराबादी बिरियानी सिर्फ 25 मिनट में बना सकती हैं। इसके अलावा नैना टेबल टेनिस की नेशनल खिलाड़ी भी हैं।
दोनों भाई-बहन के अलावा उनके माता-पिता भी उनके साथ जम्मू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप पहुंचे और वहां देश के सबसे उंचे गंडोला (रोपवे) का नजारा लिया और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने पटनीटॉप दोबारा आने की इच्छा भी जताई।