श्रीनगर संसदीय सीट पर सोमवार को मतदान होने जा रहा है। इसके लिए रविवार को जिला श्रीनगर से पोलिंग पार्टियां जरूरी कागजातों के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुई। श्रीनगर, पुलवामा, बडगाम, गांदरबल तथा शोपियां जिलों के 18 विधानसभा क्षेत्रों के 17.47 लाख मतदाता वोट डालेंगे। कुल 24 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी ने आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। दोनों पार्टियों ने उनके कार्यकर्ताओं को जल्द से जल्द छोड़ने की मांग की है।
Lok Sabha Elections : श्रीनगर सीट पर आज मतदान, 24 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे 17.47 लाख मतदाता
श्रीनगर, पुलवामा, बडगाम, गांदरबल तथा शोपियां जिलों के 18 विधानसभा क्षेत्रों के 17.47 लाख मतदाता वोट डालेंगे।
चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों के साथ ही प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके पोल ने बताया कि कुल 2135 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां पीठासीन अधिकारी के साथ चार मतदान कर्मी तैनात होंगे। कुल 8500 मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है।
सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। यदि छह बजे के बाद भी मतदान केंद्रों पर लाइन होगी तो अंतिम व्यक्ति के वोट डालने तक मतदान होगा। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं होंगी। सभी केंद्रों पर संबंधित बीएलओ की देखरेख में हेल्प डेस्क काम करेगा।
20 पिंक व 21 ग्रीन बूथ होंगे
कुल 20 पिंक बूथ बनाए गए हैं, जहां महिला कर्मी तैनात रहेंगी। 18 बूथ दिव्यांग तथा 17 बूथ युवाओं की देखरेख में होंगे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए 21 ग्रीन बूथ भी बनाए गए हैं।
मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य नहीं, अन्य दस्तावेज भी मान्य
मतदाता पहचान पत्र के अलावा 12 तरह के दस्तावेज दिखाकर लोग मतदान कर सकते हैं। मतदाता पहचान पत्र मतदान के लिए अनिवार्य नहीं है। यदि किसी मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो वह मतदान केंद्र पर आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक-पोस्ट ऑफिस के पासबुक, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, पेंशन दस्तावेज, सेवा प्रदाता कंपनी का कार्ड, दिव्यांग कार्ड आदि दिखाकर मतदान कर सकता है।
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे
श्रीनगर संसदीय सीट पर सभी मतदान केंद्र सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं। सभी केंद्रों से लाइव वेबकास्टिंग होगी। इसे जिला नियंत्रण कक्ष के साथ ही सीईओ कार्यालय में भी देखा जा सकता है। कुछ केंद्रों पर सेटेलाइट फोन, वायरलेस सेट तथा विशेष रनर की व्यवस्था की गई है।
कश्मीरी विस्थापितों के लिए 26 मतदान केंद्र
कश्मीरी विस्थापितों के लिए 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जम्मू में 21, दिल्ली में चार तथा उधमपुर में एक केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वोटर लिस्ट रखे गए हैं।