14 फरवरी 2019 को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में हुए सबसे बड़े आतंकी हमले को लेकर देश में चारों ओर आक्रोश की लहर थी। इस आतंकी हमले को अंजाम देने के पीछे जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े आतंकी आदिल अहमद उर्फ वकास का हाथ था।
जानिए, कौन था आदिल अहमद, जिसने करीब 350 किलोग्राम विस्फोट से भरी स्कॉर्पियो को सीआरपीएफ जवानों से भरी बस में टक्कर मारी थी..
इस आत्मघाती हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। हमले के तुरंत बाद पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी ले ली थी। आतंकी हमले के बाद जैश-ए-मोहम्मद ने दावा किया कि उसके आतंकी आदिल अहमद ने विस्फोटक से भरी गाड़ी को उड़ाया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि आत्मघाती वाहन को चला रहे मानव बम की शिनाख्त कर ली गई है। वह पुलवामा जिले के काकापोर का आदिल अहमद था, जो वर्ष 2018 में आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद में शामिल हुआ था। आदिल को अफगान मुजाहिद जैश के आतंकी गाज़ी रशीद ने आतंक की ट्रेनिंग दी थी।
जैश-ए-मोहम्मद ने दावा किया था कि आदिल पुलवामा के गुंडीबाग इलाके का ही रहने वाला था। धमाके से पहले जवानों की गाड़ी पर फायरिंग भी की गई। जवानों का काफिला जम्मू से कश्मीर की ओर जा रहा था। आतंकियों ने जिस तरह से ये हमला किया, इस तरीके का इस्तेमाल आमतौर पर अफगानिस्तान और पाकिस्तान में सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए किया जाता है।
हमले के कुछ देर बाद ही फिदायीन आदिल अहमद का एक वीडियो वायरल हुआ। आतंकी आदिल वीडियो में साफ कहता सुनाई दे रहा था कि जब तक यह वीडियो आप लोगों तक पहुंचेगा उस समय मैं जन्नत में मजे लूट रहा होऊंगा। उसने कहा कि मैंने जैश ए मोहम्मद में आतंकी के रूप में एक साल बिताया। अब यह मेरा कश्मीर के लोगों के लिए आखिरी मैसेज है। कश्मीर में सुरक्षा बलों पर हाल ही के दिनों किए गए आईईडी और स्नाइपर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे कुछ कमांडरों को मारकर तुम हमें कमजोर नहीं कर पाओगे।