जम्मू-कश्मीर लोहड़ी का त्योहार रविवार को संभाग भर में पारंपरिक रिवाज और हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान कहीं छज्जा लेकर शोभा यात्रा की धूम रही तो कहीं प्राचीन वाद्य यंत्रों व ढोलक की थाप पर लोगों ने लोहड़ी मांग कर धूम मचाई। लोहड़ी पर एक दूसरे के साथ खुशी को साझा किया और शाम को पारंपरिक तरीके से लोगों ने अपने घरों या सामूहिक तौर पर लोहड़ी जाकर सुख समृद्धि मांगी। इस बार लोहड़ी पर कला, संस्कृति और भाषा अकादमी और पर्यटन विभाग की तरफ से भी खास तौर से आयोजित किए गए कार्यक्रमों को लोगों ने काफी सराहा। भाजपा एमएलसी रमेश अरोड़ा की अगुवाई में भी पहली बार मुबारक मंडी से लोहड़ी पर शोभा यात्रा निकालने का सिलसिला शुरू हुआ।
नाच गाकर, आग जलाकर मनाया लोहड़ी का त्योहार, कहीं छज्जों की तो कहीं भंगड़ा की धूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार सुबह से ही मोहल्लों में वाद्य यंत्रों की धुनों पर लोहड़ी मांगने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। खासतौर से जिन घरों में शादी हुई हैं या जिन घरों में बच्चे का जन्म हुआ है वहां खासी रौनक रही और लोहड़ी मांगने वाले इन घरों में सबसे ज्यादा पहुंचे। किसी ने लाची दामना हो लाची टूट गई हो... के गीत पर लोहड़ी मांगी तो किसी ने दुल्ला भट्टी वाला हो व किसी ने हिरणा ओ हिरणा के गीत गाकर लोहड़ी मांगी और एक दूसरे से त्योहार की खुशियों को साझा किया। रिश्तेदारों व मित्रों ने भी एक दूसरे के घर जाकर लोहड़ी की खुशी को साझा किया। शाम के समय पारंपरिक रीति रिवाज से लोहड़ी जलाई गई और इसमें तिल, रेवड़ियां, मूंगफली और चावल आदि का अर्घ्य देकर सुख समृद्धि की कामना की गई।
भाजपा मुख्यालय में भी रविवार दोपहर को लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। नई दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद से लौटे प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ पर्व की खुशी को साझा किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष हरिंद्र गुप्ता, महासचिव संगठन अशोक कौल, युद्धवीर सेठी की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में लोहड़ी पर पारंपरिक तरीके से अग्नि को जलाया गया। इस अवसर पर रवींद्र रैना ने कहा कि त्योहार शांति और खुशहाली का प्रतीक है और इसे मिलजुलकर मनाने की रियासत में परंपरा रही है। रैना ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद में हिस्सा लेने के बाद प्रदेश के भाजपा नेताओं का चुनाव को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
नेशनल पैंथर्स पार्टी ने लोहड़ी पर्व ट्रांसपोर्ट नगर नरवाल में मनाया। जोनल अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने लोगों को लोहड़ी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पर्व को लोग प्राचीन रीति रिवाज से मनाते आए हैं। इसी दिन से नए साल का पहला दिन भी शुरू होता है। इस मौके पर जगदीश सिंह, अमर चंद, परमजीत सिंह, सोनू, बबलू, रविंद्र सिंह और रमेश कुमार मौजूद रहे।