कोरोना महामारी की जिला स्तर पर रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार ने 50 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। शुक्रवार को मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यकारी कमेटी की बैठक में इसकी मंजूरी दी गई।
कोरोना को हराने के लिए 50 करोड़ रुपये मंजूर, जम्मू-कश्मीर में लॉकडाउन का ऐसे पालन कर रहे हैं लोग
एसडीआरएफ फंड से सभी 20 जिलों को मिलने वाली ढाई-ढाई करोड़ की राशि जिला उपायुक्तों के माध्यम से खर्च होगी। बैठक में जिला स्तर पर बने प्रशासनिक क्वारंटीन केंद्रों में इंतजामों के अलावा लखनपुर, जम्मू रेलवे स्टेशन, काजीगुंड, रामबन और जम्मू व श्रीनगर एयरपोर्ट पर सैपलिंग व टेस्टिंग की सुविधाओं पर भी चर्चा हुई।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में कोरोना से होने वाली मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पिछले 24 घंटे में जम्मू जिले में दो और कश्मीर संभाग में 11 मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा 353 नए केस सामने आए। हालांकि, नए मरीजों की संख्या में पिछले दिनों की तुलना में घटी है। वहीं 508 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
वहीं कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए जम्मू और उधमपुर जिलों में शुक्रवार से वीकेंड लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। जम्मू में शाम छह बजे और उधमपुर में रात दस बजे से लॉकडाउन की पाबंदियाें को सख्ती से लागू कर दिया गया। बाकायदा मुनादी कर लोगाें को वीकेंड लॉकडाउन के दौरान घराें में रहने की चेतावनी दी गई।
सोमवार सुबह छह बजे तक अनिवार्य सेवाओं और गतिविधियाें को छोड़ अन्य तमाम तरह की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। सांबा जिले की चार तहसीलों में शुक्रवार को भी लॉकडाउन रहा।