हिजबुल कमांडर नवीद बाबू के साथ गिरफ्तार डीएसपी दविंदर सिंह मामले में पूछताछ चल रही है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियां उसका पाकिस्तानी कनेक्शन खंगालने में भी जुटी हैं। दविंदर औरउसके रिश्तेदारों के घर को खंगाला गया है। खुद डीजीपी दिलबाग सिंह का भी कहना है कि मामले में बड़ा कनेक्शन सामने आ सकता है। वहीं पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं।
आतंकियों संग पकड़ा गया डीएसपी बोला- मैं एक ऑपरेशन पर था, आप सभी ने तो मेरे प्लान पर पानी फेर दिया
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान दविंदर ने एक हैरान कर देने वाली बात कही। आतंकियों संग पकड़े जाने पर उसने कहा कि जिन आतंकियों के साथ उसे पकड़ा गया है वो उसके व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी हैं। इसके बाद उसने कहा कि मैं एक ऑपरेशन पर था, अगर ये ऑपरेशन सफल हो जाता तो प्रदेश पुलिस की वाहवाही होती। इतना ही नहीं आरोपी डीएसपी ने पूछताछ कर रहे अधिकारियों से कहा कि आप सभी ने मेरे प्लान पर पानी फेर दिया।
सुरक्षा एजेंसियां हिजबुल कमांडर नवीद बाबू के साथ गिरफ्तार निलंबित डीएसपी दविंदर सिंह के पाकिस्तानी कनेक्शन खंगालने में जुट गई हैं। उसके तथा उसके रिश्तेदारों के घर को खंगाला गया है। खुद डीजीपी दिलबाग सिंह का भी कहना है कि मामले में बड़ा कनेक्शन सामने आ सकता है। इसके तार कहीं भी, किसी से भी जुड़े हो सकते हैं। यह बड़ा मामला है। इसलिए मामले की जांच नेशनल इनवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) को देने की सिफारिश की गई है। डीएसपी को बर्खास्त करने की सिफारिश के साथ उसे मिला स्टेट अवार्ड को वापस ले लिया गया है। मामले में एनआईए जल्द प्राथमिकी दर्ज करेगी।
सूत्रों का कहना है कि बुधवार को दिल्ली में एनआईए के अधिकारियों ने गृह सचिव से मुलाकात की। इस मामले की जांच आईजी स्तर के अधिकारी करेंगे। एनआईए से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मामला हाथ में लेने के बाद जांच एजेंसी जम्मू में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेगी।