नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्पोटर्स कॉम्पलेक्स में हुई महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में हरियाणा के हिसार के सेक्टर 1-4 की बॉक्सर स्वीटी बूरा ने 81 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है। स्वीटी ने शनिवार को फाइनल में चीन की बॉक्सर को हराया और चैंपियन बनी। स्वीटी ने दो महीने पहले अपने पिता महेंद्र सिंह बूरा से कहा था कि आप टेंशन मत लो पापा, गोल्ड लाकर दिखाउंगी। शनिवार को बेटी ने सोना जीतकर पिता से किया वादा पूरा किया। अब घर पहुंचने पर मां सुरेश कुमारी बेटी स्वीटी बूरा का चूरमा खिलाकर मुंह मीठा करवाएगी।
Saweety Boora: बेटी ने सोना जीत निभाया वादा, दो माह पहले पिता से कही थी ये बात, घर पर बधाइयों का लगा तांता
बॉक्सर स्वीटी के पदक जीतने पर परिवार में खुशी का माहौल है। घर पर बधाइयाें का तांता लगा है। बॉक्सर स्वीटी की शादी के बाद जिंदगी में बदलाव आया, मगर बॉक्सिंग को दूर नहीं किया।
जिंदगी में आया काफी बदलाव, मगर गेम को कभी नहीं किया दूर
बॉक्सर स्वीटी बूरा की शादी 7 जुलाई 2022 को रोहतक के दीपक हुड्डा के साथ हुई थी। स्वीटी बताती है कि शादी के बाद जिंदगी में काफी बदलाव भी आया। मगर बाॅक्सिंग को कभी भी दूर नहीं किया। शादी के बाद काफी जिम्मेदारी बढ़ गई। घर से बाहर जाकर खेलना मुश्किल था। मगर मैंने हिम्मत नहीं हारी और अपना अभ्यास जारी रखा। पति दीपक हुड्डा ने भी मुझे काफी मोटिवेट किया। स्वीटी बताती हैं कि उन्होंने शादी के मात्र 10 दिन बाद ही दोबारा प्रैक्टिस शुरू कर दी। कभी रोड पर रनिंग तो कभी छत पर बॉक्सिंग का अभ्यास किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में स्वीटी ने रसिया में हुई इंटरनेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीता था।
स्वीटी के पदक जीतने पर परिवार में खुशी का माहौल है। घर पर बधाइयों का तांता लगा है। स्वीटी की छोटी बहन सीवी बूरा भी इंटरनेशनल बॉक्सर है। सीवी ने बताया कि एक बार फिर बहन ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। स्वीटी ने बॉक्सिंग की शुरुआत साई (स्पोटर्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया) हिसार में की थी। आज दोनों बहनें राष्ट्रीय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत अपनी पहचान बना रही हैं।
स्वीटी बूरा की प्रोफाइल
स्वीटी बूरा मूलरूप से घिराये की रहने वाली है। मगर पिछले 10 वर्षों से उसका परिवार हिसार शहर में रह रहा है। पिता महेंद्र सिंह बूरा किसान हैं। मा सुरेश कुमारी गृहिणी है। स्वीटी बूरा का जन्म 10 जनवरी 1993 को गांव घिराये में हुआ था। स्वीटी 12 साल से बॉक्सिंग कर रही है। स्वीटी ने जाट कॉलेज हिसार से बारहवीं कक्षा पास की। उसके बाद गवर्नमेंट पीजी कॉलेज से बीए की। फिर एमपीएड की।
स्वीटी की बड़ी उपलब्धियां
- यूथ बॉक्सिंग ट्रेनिंग कंपीटिशन 2011 में गोल्ड मेडल।
- नवंबर 2014 में एआईबीए वर्ल्ड वूमेन बॉक्सिंग चैंपियनशिप साउथ कोरिया में सिल्वर मेडल।
- अगस्त 2015 एबीएसी एशियन कॉन्फेडरेशन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल।
- जून-जुलाई 2015 इंडिया-आस्ट्रेलिया प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल।
- फरवरी 2018 में प्रथम ओपन इंडिया इंटरनेशनल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल।
- 13 जून 2018 में रूस के कॉस्पिक में हुए उमाखानोव मेमोरियल टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल।
- 2021 में एशिया चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
- 2023 में महिला विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।