भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत के 19 दिन बाद अब मामले की जांच सीबीआई करेगी। गोवा सीएम प्रमोद सावंत की चिट्ठी मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। फोगाट की बेटी और खापों ने भी गोवा पुलिस की जांच पर सवाल उठाए थे और सीबीआई जांच की मांग की थी। सर्वजातीय सर्वखाप ने रविवार को इस पर महापंचायत कर सरकार को अल्टीमेटम दिया था।
बता दें कि 43 वर्षीय सोनाली फोगाट 23 अगस्त को गोवा के एक होटल में मृत पाई गई थीं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सीबीआई जांच करने का अनुरोध किया था, जिस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) से मामले की जांच सीबीआई से कराने को कहा है।
उधर, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह केस सीबीआई को दे रहे हैं। सोनाली के परिजनों को अब हत्याकांड के असली मास्टर माइंड का चेहरा सामने आने की उम्मीद है। उनका कहना है कि अब बड़े चेहरे उजागर होंगे। परिजनों ने राजनीतिक साजिश के तहत सोनाली फोगाट की हत्या करने की आशंका जताई है।
2 of 5
महापंचायत में अपनी मां को श्रद्धांजलि देती यशोधरा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी (फाइल फोटो)
कई बड़े चेहरे होंगे उजागर : यशोधरा
सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा का कहना है कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है, उससे हम संतुष्ट हैं। सीबीआई जांच में बड़े खुलासे होंगे। सुधीर सांगवान और सुखविंद्र तो मोहरे हैं। जांच में कई बड़े चेहरे उजागर होंगे। सीबीआई को जांच सौंपने के बाद उन्होंने सीएम हरियाणा, सीएम दिल्ली, सीएम पंजाब और सर्वजातीय सर्वखाप का धन्यवाद करते हुए यशोधरा ने कहा कि सभी ने सीबीआई जांच करवाने में सहयोग किया। वहीं, हिसार पुलिस ने यशोधरा की सुरक्षा में महिला कांस्टेबल सुकन्या और अनीता को तैनात कर दिया है।
3 of 5
सोनाली फोगाट
- फोटो : @sonaliphogatbjp
इसलिए जांच सौंपी गई सीबीआई को
सोनाली के परिजनों का कहना है कि आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंद्र के 14 दिन के रिमांड के बाद भी गोवा पुलिस जांच को केवल प्रॉपर्टी व ड्रग के चारों ओर घुमा रही थी, जबकि हत्या क्यों की गई, इसका अब तक खुलासा नहीं किया। सुधीर को हत्या का मुख्य आरोपी बनाने का प्रयास किया, लेकिन सुखविंद्र के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। गुरुग्राम के फ्लैट को सील किया, लेकिन वारदात स्थल को सील करने के बजाय ध्वस्त करने का काम किया। उन्होंने पोस्टमार्टम, विसरा, केमिकल टेस्ट की रिपोर्ट आने में देरी पर भी सवाल उठाए। गोवा पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में भी देरी की थी। गोवा पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग उठाई थी।
4 of 5
एसपी से मिलने जाते हुए खाप सदस्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी (फाइल फोटो)
खाप महापंचायत के एलान के 24 घंटे में सीबीआई जांच के आदेश जारी
सोनाली फोगाट की मौत के मामले की सीबीआई जांच को लेकर रविवार को जाट धर्मशाला में सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत हुई थी। महापंचायत में पहुंचे खाप प्रतिनिधियों ने सीबीआई जांच की मांग उठाते हुए सरकार को 23 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया था। खाप ने एलान किया कि सीबीआई जांच नहीं हुई तो आंदोलन को हरियाणा ही नहीं, उत्तर भारत में भी लेकर जाएंगे। चारों तरफ से दबाव बढ़ा तो अगले ही दिन गोवा सीएम से सीबीआई जांच करने की सिफारिश कर दी।
5 of 5
Sonali Phogat
- फोटो : Social Media
ढाका खाप ने गोवा सीएम का जताया आभार
अखिल भारतीय ढाका परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल ढाका, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयपाल ढाका, प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर ढाका, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरुण ढाका, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अरुण ढाका, दलेल ढाका रोहतक, प्रो. डॉ. शीशराम ढाका, महासचिव मनोज ढाका, रमेश ढाका ने सीबीआई जांच सौंपने के लिए गोवा सीएम का आभार जताया है।