हरियाणा के भिवानी जिले के गांव बारवास की बणी में राजस्थान के दो चचेरे भाइयों की अपहरण के बाद जिंदा जलाकर हत्या मामले का जांच अब तेज हो गई है। हालांकि पूरे प्रकरण की जांच में मुख्य भूमिका भरतपुर जिले के गोपालगढ़ पुलिस थाना की है, मगर भिवानी पुलिस उनकी जांच में सहयोगी के तौर पर हर पहलु को बारीकी से खंगालने में जुटी है।
पुलिस की टीम बारवास की बणी में वारदात स्थल के आसपास का इलाका भी बारीकी से खंगाल चुकी हैं, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई भी सबूत नहीं लगे हैं। पुलिस अब इस सवाल का जवाब भी ढूंढ रही है कि आखिर यहां तक हत्याकांड को अंजाम देने के लिए बोलेरो गाड़ी को कौन चलाकर लाया था? वहीं, इस हत्याकांड को अंजाम देने में कई लोगों की भूमिका होने को भी पुलिस नकार नहीं रही है।
लोहारू के गांव बारवास की बणी में बुधवार रात 12 बजे से वीरवार अल सुबह चार बजे के बीच बोलेरो गाड़ी में दो चचेरे भाइयों जुनैद और नासिर को जिंदा जलाकर हत्याकांड की अंजाम दिया गया था। अब दो राज्यों की पुलिस के लिए हत्याकांड बड़ी चुनौती बन गया है।
2 of 5
दो भाईयों को जिंदा जलाए जाने का मामला
- फोटो : अमर उजाला
इस हत्याकांड में जहां गो तस्करी का एंगल सामने आया है वहीं अब भी कई ऐसे पहलु हैं, जिनकी जांच अभी चल रही है। भिवानी पुलिस भी कई घंटों तक बारवास की बणी और आसपास के इलाके को बारीकी से छान चुकी है। बणी का इलाका सुनसान हैं, इस हत्याकांड की चीख यहां किसी ने नहीं सुनी। हालांकि बणी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों ने इस बात की पुष्टि जरूर की है कि वारदात की रात को यहां दो से तीन गाड़ियों का आना-जाना हुआ था। मगर गाड़ी के अंदर कौन लोग थे, इसकी किसी को कोई भनक नहीं थी। अब पुलिस ग्रामीणों के बयानों के आधार पर भी बताई गई गाड़ियों की तलाश में लगी है।
सुनियोजित तरीके से दिया गया हत्याकांड को अंजाम, सबूत तक मिटाए
3 of 5
मौके पर जली बोलेरो गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
बोलेरो के अंदर जलाकर दो चचेरे भाइयों के हत्याकांड को बड़ी ही सफाई और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। तभी तो पुलिस की फॉरेंसिक एक्सपर्ट, सीआईए और लोहारू पुलिस अभी तक हत्यारों के खिलाफ कोई सबूत तक नहीं जुटा पाई है। वहीं भरतपुर के गोपालगढ़ पुलिस थाने की जांच भी परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपियों से तहकीकात पर अटकी है। हत्यारों ने यहां बोलेरो गाड़ी जलाने के दौरान ही वो तमाम सबूत भी जला कर खाक कर डाले, जो हत्यारों तक पहुंचाने का इशारा कर सकते थे। हालांकि हत्यारे गाड़ी को जलाने के बाद भी यह भूल गए कि उसके इंजन और चेसिस नंबर से इसके मालिक की आसानी से पहचान हो सकती है।
सीमांत इलाके में अपराध पर चौकस हुई पुलिस
4 of 5
जली हुई गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
दोहरे हत्याकांड के बाद राजस्थान के सीमांत इलाकों पर भिवानी पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। हालांकि राजस्थान की सीमा पर पुलिस नाके भी लगे हैं। लेकिन इसके बावजूद इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हत्याकांड में अब तक परिजनों के आधार पर बनाए आरोपी राजस्थान के बजाय हरियाणा के हैं। इनकी इस हत्याकांड में क्या भूमिका है, इसको खंगाला जा रहा है। मुख्य रास्ते के अलावा भी तस्करी के कई ऐसे कच्चे रास्ते हैं जिनका इस्तेमाल गो तस्कर या शराब तस्कर करते हैं।
5 of 5
सुनसान जगह पर खड़ी गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
बारवास की बणी में दोहरे हत्याकांड में अभी कोई नई लीड नहीं मिली है। हालांकि पूरे मामले की जांच भरतपुर पुलिस कर रही है। गांव की बणी के आसपास के इलाके को भी पुलिस सर्च कर चुकी हैं, अब तक कोई भी सबूत हाथ नहीं लगा है। - अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक भिवानी।