गोरखपुर शहर के कैंट, राजघाट और गोरखनाथ थाना क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह पांच बजे से 10 अगस्त की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन रहेगा। शहर के अन्य क्षेत्रों की तुलना में इन थाना क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या सबसे अधिक पाए जाने पर जिला प्रशासन को यहां फिर से लॉकडाउन करने का निर्णय लेना पड़ा।
गोरखपुर के इन थानों में फिर लगा लॉकडाउन, यहां मिल रहे हैं सबसे अधिक कोरोना पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखनाथ में लगातार तीसरी बार तो राजघाट थाना क्षेत्र में भी सात दिन के अंतराल के बाद तीसरी बार लॉकडाउन किया जा रहा है। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि इन तीनों थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाएं जैसे दवा, दूध, राजकीय कार्यालय, बैंक और अस्पताल आदि खुले रहेंगे। सरकारी कर्मचारियों का विभागीय आईडी ही उनका पहचान पत्र होगा।
इसके पहले 13 से 20 जुलाई की सुबह तक के लिए कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन लगाया गया था जबकि शाहपुर के साथ गोरखनाथ थाना क्षेत्र में 21 से 27 जुलाई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लगा था। एक दिन के ही अंतराल में गोरखनाथ थाना क्षेत्र के साथ राजघाट, कोतवाली, तिवारीपुर में दूसरी बार लॉकडान लगा था। मंगलवार यानी चार अगस्त को इन सभी थानाक्षेत्रों से लॉकडाउन खत्म होने वाला था मगर संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन को कैंट थाना क्षेत्र के अलावा राजघाट और गोरखनाथ में तीसरी बार चार अगस्त से फिर से लॉकडाउन लगाने का निर्णय करना पड़ा।
शिफ्टवार ड्यूटी लगाकर होगी निगरानी
इन तीनों थाना क्षेत्रों में 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। किसी ने भी निर्देशों की अनदेखी कर बाहर निकलने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि जब तक इन इलाकों में लॉकडाउन रहेगा, नमूनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। ज्यादा से ज्यादा लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे और पूरे इलाके का सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों की सबसे ज्यादा जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन वाले इलाकों में सब्जी, दूध आदि की आपूर्ति कंटनेमेंट एरिया के प्रभारी की अनुमति के बाद हो सकेगी। सब्जी और दुग्ध विक्रेताओं को ग्लब्स, मॉस्क आदि का इस्तेमाल अनिवार्य रुप से करना होगा।
ज्यादातर दफ्तर कैंट थाना क्षेत्र में
कैंट थाना क्षेत्र में कलेक्ट्रेट, कमिश्नरी, विकास भवन, दिवानी कचहरी, आरटीओ, रोडवेज, इंकम टैक्स, गोरखपुर यूनिवर्सिटी समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तर और शैक्षणिक संस्थान, बैंक हैं। रविवार देर शाम इस थाना क्षेत्र में भी लॉकडाउन के संबंध में लिए गए निर्णय के बाद यहां काम करने वाले अफसरों, कर्मचारियों की बेचैनी बढ़ गई। उनका यह कहना है कि आईडी कार्ड दिखाने के बाद भी पुलिस कभी -कभी बेजा परेशान करती है। ऐसे में लॉकडाउन के बीच नौकरी कर पाना काफी कठिन होगा।