Gorakhpur News: गोरखपुर में बड़े धोखे हैं गांव की इन सड़कों में, तस्वीरें देख जोड़ लेंगे हाथ
बड़हलगंज ब्लॉक क्षेत्र के साऊखोर-सेमरा, खड़ेसरी-खुटभार, साऊखोर-असवनपार, भैंसहट-बैरियाडीह, भैंसहट -ददरी, पिड़हनी-कोइलीखाल, डेरवां-बैरियाखास, डेरवां-जगदीशपुर, डेरवां-खोहियां पट्टी, मुहालजलकल-दवनाडीह, रामजानकी मार्ग से खैराटी सहित दो दर्जन से अधिक मार्ग आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, परंतु काफी दिनों से उपरोक्त सड़कें जर्जर हैं। लगभग इन सभी मार्गों पर जलनिकासी के लिए बनी तीन दर्जन से अधिक पुलिया धंसकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ऐसे में इन मार्गों पर सफर करने वालों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है।
क्षेत्र के रमेश निषाद, अरविंद मौर्य, सुरेंद्र यादव, उपेंद्र मौर्य, प्रमोद गौड, घनश्याम मौर्य, रामशकल यादव, जयराम गौड़, बलबीर यादव, कमलेश यादव, मुद्रीका यादव, ओम प्रकाश तिवारी ने कहा कि कई बार समस्या से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, परंतु समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
अजय शाही, नन्हे सिंह का कहना है कि साऊखोर-सेमरा मार्ग कई जनपद और कई ब्लॉक व तहसीलों मुख्यालयों को जोड़ता है, इसलिए आवागमन बना रहता है, पुलिया ठीक नहीं कराई गई, तो दुर्घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
गोरखपुर लोक निमार्ण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने कहा कि बड़हलगंज ब्लॉक क्षेत्र की सभी टूटी सड़कों और पुलियों की मरम्मत के लिए इस्टीमेट शासन को भेजा गया है। कुछ पुलियों और सड़कों की मरम्मत के लिए स्वीकृति भी मिल गई है, जिस पर बहुत जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा। अन्य टूटी सड़कों और पुलियों की मरम्मत की मंजूरी मिलते ही उसे भी ठीक कराने का प्रयास किया जाएगा।