पांच साल की मासूम और दादी को मारा चाकू, मुंह पर टेप लगाकर दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम
यह घटना बुधवार दोपहर की है। विरोध करने पर बदमाशों ने पांच साल की बच्ची और उसकी बुजुर्ग दादी को चाकू मारकर घायल कर दिया। बदमाशों ने दोनों के मुंह पर टेप लगा दी थी, ताकि वह शोर न मचा सकें। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन मीडिया में मामला आने से एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा के आदेश पर बृहस्पतिवार शाम मामला लूट में दर्ज किया गया। (फाइल फोटो)
सी ब्लॉक निवासी इंजीनियर नितिन सिंघल और पत्नी बुधवार को दोनों ऑफिस गए हुए थे। घर में पांच साल की बेटी मान्या उर्फ मोनी और 59 वर्षीय मां सुमन अकेली थीं। दोपहर करीब 12 बजे एक बदमाश ने घर की घंटी बजाकर दरवाजा खुलवाया। सुमन से किराये पर कमरा लेने के बारे में पूछा तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद उसने पानी पिलाने को कहा। शख्स पर भरोसा कर सुमन घर में अंदर पानी लेने चली गईं। (फाइल फोटो)
इस बीच शख्स दो साथियों के साथ उनके घर में घुस गया। बदमाशों ने बच्ची पर चाकू तानकर दादी को भी काबू कर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने सुमन के चेहरे और बच्ची के सीने के पास चाकू मार दिया। इसके बाद दोनों के हाथ पैर बांधकर उनके मुंह पर टेप लगा दी। बदमाशों ने अंदर से दरवाजा भी बंद कर लिया। इसके बाद खून में लथपथ बच्ची और उसकी दादी को बंधक बना बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी से सोने की कड़े, चूड़ियां, अंगूठियां सहित 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। (फाइल फोटो)
बदमाशों के भागने के बाद दोपहर करीब तीन बजे सुमन ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया और फिर पोती को मुक्त कर बेटे नितिन को घटना की जानकारी दी। नितिन में पास में रह रही भतीजी को घटना की जानकारी दी। उनकी भतीजी तुरंत घर पहुंची और घायल बच्ची व दादी को अस्पताल लेकर गई। (फाइल फोटो)