31 दिसंबर वो तारीख है जिस दिन के बाद देश के 6 बैंकों के चेकबुक नहीं चलेंगे। यानी 1 जनवरी से आप उन बैंकों के चेकबुकों का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। कहीं इन 6 बैंकों में आपका बैंक तो नहीं ये जानने के लिए पढ़ें ये स्टोरी...
दरअसल जिन 6 बैंकों के चेकबुक 1 जनवरी से रद्दी हो जाएंगे उन सबका विलय एसबीआई बैंक में हो चुका है। ऐसे में अगर समय रहते इन बैंकों के ग्राहकों ने नया चेकबुक नहीं लिया तो 1 जनवरी से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन बैंकों के नाम हैं- स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर (SBBJ), स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद (SBH), स्टेट बैंक ऑफ मैसूर (SBM), स्टेट बैंक ऑफ पटियाला (SBP), स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर (SBT) और भारतीय महिला बैंक। दरअसल इन बैंकों के ग्राहकों को अब एसबीआई की चेक बुक लेनी होगी। बता दें कि एसबीआई ने इस मामले में अपने लाखों ग्राहकों को कई बार अलर्ट भी भेजा है।
पहले चेकबुक लेने की आखिरी तारीख 30 सितंबर रखी गई थी लेकिन ग्राहकों की सहुलियत को देखते हुए यह तारीख 31 दिसंबर कर दी गई। 31 के बाद पुरानी नहीं बल्कि एसबीआई की नई चेक बुक ही इस्तेमाल की जा सकेगी। एसबीआई के इन सहयोगी बैंकों के आईएफएससी कोड भी 31 दिसंबर के बाद से बदल जाएंगे इसलिए इन्हें नया कोड भी लेना होगा वरना ऑनलाइन मनी ट्रांसफर भी नहीं हो सकेगी।
जानिए कैसे करें नए चेकबुक के लिए आवेदन
एसबीआई ने ग्राहकों से अनुरोध किया है कि नई चेक बुक के लिए इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, ATM या फिर शाखा में जाकर तुरंत आवेदन करें।