निकिता का हत्यारा तौसीफ भोंडसी जेल में ही बंद होना चाहता है। निकिता के वकील व मामा एदल सिंह रावत ने बताया कि उन्हें न्यायालय के नायाब कोर्ट से यह जानकारी मिली है। पता चला है कि आरोपी तौसीफ ने फरीदाबाद की नीमका जेल की बजाय गुरुग्राम की भोंडसी जेल में जाने की अर्जी लगाई है।
भोंडसी जेल में मामा के साथ बंद होना चाहता है निकिता का हत्यारा, मृतका के परिवार को मिली सुरक्षा
एदल सिंह रावत का कहना है कि आरोपी तौसीफ का मामा इस्लामुदिन एक कुख्यात अपराधी है और वह भोंडसी जेल में ही बंद है। अब यह भी साफ हो गया है कि उसी ने निकिता की हत्या के लिए अपने एक परिचित अजरुद्दीन से तौसीफ को तमंचा दिलाया था। ऐसे में अगर तौसीफ भी वहीं चला जाता है, तो वह लोग षड्यंत्र रचकर बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए वह इस पर विरोध जताते हुए न्यायालय में आरोपी की इस मांग को न मानने की अपील करेंगे।
परिवार के तीनों सदस्यों को मिली पुलिस सुरक्षा
निकिता की हत्या मामले में पीड़ित परिवार लगातार सुरक्षा की मांग कर रहा था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को निकिता की मां विजया तोमर, पिता मूलचंद तोमर व भाई नवीन तोमर को अलग अलग गनमैन मुहैया करा दिया है।
हत्या में इस्तेमाल हुई गाड़ी तौफीक के पिता के दोस्त की
पुलिस जांच में पाया गया कि वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद कार तौसीफ के परिवार के किसी सदस्य के नाम पर नही है। तौसीफ ने पुलिस को बताया कि उसने करीब एक साल पहले अपने पिता के दिल्ली निवासी एक दोस्त से सेकेंड हैंड कार खरीदी थी। कार लेने के बाद उसने उसे अपने नाम नही कराया था। पुलिस अब कार मालिक से भी पूछताछ कर सकती है।
तौसीफ के मामा इस्लामुदीन को ट्रांजिट रिमांड पर लेगी पुलिस
निकिता हत्या मामले की जांच में सामने आया है कि तौसीफ को हथियार मुहैया कराने में उसके मामा इस्लामुदिन का हाथ है। इस्लामुदिन फिलहाल गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद है। उसने दो साल पहले गुरुग्राम के सेक्टर 29 थाना प्रभारी को उसी के थाना क्षेत्र से अगवा कर लिया था। पुलिस इस्लामुदिन से पूछताछ के लिए उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयार कर रही है।