आईबी कर्मी अंकित शर्मा के पहले सभी कपड़े उतारे गए। इसके बाद उन्हें चाकू से गोदा गया। आरोपी करीब आधा घंटे तक अंकित शर्मा को चाकू से गोदते रहे और लाठी-डंडों से वार करते रहे। पुलिस अधिकारियों के मानें तो आरोपी चाकू व डंडे लेकर अंकित शर्मा के ऊपर उनकी मौत के बाद तक भी वार करते रहे। बाद में उनके शव को नाले में फेंक दिया गया था।
दिल्ली हिंसाः हत्या से पहले उतारा दिए गए थे अंकित के सारे कपड़े, भीड़ ने आधे घंटे तक चाकुओं से गोदा
सलमान को स्पेशल सेल में तैनात इंस्पेक्टर अतुल त्यागी, एसआई जयवीर, एएसआई देवेंद्र और हवलदार हेवेंद्र की टीम ने नंद नगरी के सुंदर नगरी से गुरुवार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सलमान ने बताया कि आम आदमी पार्टी के निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन के घर के पास दोनों ही तरफ से पथराव हो रहा था। इसके बीच में अंकित शर्मा फंस गए। बचने के प्रयास में वे ताहिर हुसैन के घर से पथराव कर रहे लोगों के नजदीक पहुंच गए। मौका देखकर पथराव कर रहे लोग उन्हें खींचकर ले गए।
सलमान ने खुलासा किया कि ताहिर हुसैन के घर के पास आरोपियों ने सबसे पहले उनके कपड़े फाड़े और फिर चाकू व लाठी-डंडों से हमले शुरू कर दिए। सलमान ने चाकू पास में स्थित सब्जी की दुकान से लिया और अंकित शर्मा पर हमले करने शुरू कर दिए। इसके बाद वहां भीड़ ने अंकित पर पत्थरों, चाकू व डंडों से वार शुरू कर दिए। भीड़ ने उनका चेहरा भी बुरी तरह गोद दिया था।
सलमान ने बताया कि जब अंकित की मौत हो गई तो उनके शव को चांद बाग में नाले में फेंक दिया गया था। सलमान ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह सुंदर नगरी में रहता है, मगर दंगा करने के लिए चांद बाग इलाके में गया था। दंगों से पहले व दंगों के दौरान वह मुस्तफाबाद में दोस्तों के साथ सोया था। वह तीनों दिन हुए दंगों में शामिल था।
अंकित को ताहिर के घर में नहीं ले गए थे
सलमान ने पूछताछ में कहा कि वह और उसके साथी अंकित शर्मा को ताहिर हुसैन के घर के भीतर नहीं ले गए थे। हालांकि हत्या उसके घर के पास ही की गई थी। नृशंस हत्या के बाद बाहर से ही अंकित के शव को नाले में फेंक दिया था। सलमान उन लोगों की संख्या नहीं बता पा रहा है, जो अंकित पर हमले कर रहे थे। उसने कहा है कि उन पर हमला करने वालों की बड़ी भीड़ वहां मौजूद थी।
अपराध शाखा ने रिमांड पर लिया
स्पेशल सेल ने सलमान को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सलमान को चार दिन के रिमांड पर अपराध शाखा को सौंपा है। अंकित की हत्या की जांच कर रही इंस्पेक्टर अमलेश्वर की टीम रिमांड के दौरान उससे पूछताछ करेगी।