गाजियाबाद के खोड़ा के वंदना इंक्लेव में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही ब्यूटीशियन प्रेमिका की हत्या कर युवक दो दिन तक फ्लैट में उसकी लाश के साथ रहा। लेकिन ज्यादा दिन तक वो इसे छिपा नहीं सका क्योंकि...
लिव इन पार्टनर ने प्रेमिका को उतारा मौत के घाट, 2 दिन तक सड़ते शव के साथ रहा फिर ऐसे खुला राज
दरअसल जब शव को ट्राली बैग में बंद कर ठिकाने लगाने जा रहे युवक को लोगों ने दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। घटना मंगलवार रात की है। शव ट्रॉली बैग में डालकर ले जाते समय बिल्डिंग में बदबू फैलने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन उस समय प्रेमी भाग गया। बुधवार शाम स्थानीय लोगों ने प्रेमी को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
मूलरूप से फतेहपुर लुधियाना निवासी ज्योति वर्मा (26) खोड़ा के वंदना इंक्लेव में चार्टेड एकाउंटेंट रामनरेश त्रिपाठी के मकान में किराए पर रहती थी। उसका प्रेमी शिवम भी उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। शिवम भी लुधियाना का रहने वाला है और यहां एक निजी कंपनी में काम करता है। रामनरेश ने अपने भाई राधे मोहन त्रिपाठी को पांच मंजिला मकान का केयरटेकर बना रखा है। राधे मोहन ने ही छह माह पहले ज्योति को मकान किराए पर दिया था।
ज्योति दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। मंगलवार रात 11.30 बजे ज्योति का प्रेमी शिवम एक लाल रंग की स्विफ्ट कार लेकर आया और चौथी मंजिल स्थित अपने कमरे से ट्राली बैग लेकर नीचे कार में रखने लगा। बैग से बदबू उठने से पड़ोसियों ने पूछताछ की और शक होने पर 100 नंबर पर सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक शिवम ने बैग गाड़ी की डिग्गी में रख लिया था। पुलिस के आते ही मौके पर लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने गाड़ी का शीशा तोड़कर बैग निकाला।
बैग खोलने पर ज्योति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। इस दौरान शिवम भाग गया। लोगों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से ज्योति के कमरे से बदबू आ रही थी, लेकिन चूहा मरा होने का अनुमान लगाकर पड़ोसी बदबू सहते रहे। एसएचओ धमेंद्र कुमार ने बताया कि शव को देखकर प्रतीत हो रहा था कि 4-5 दिन पहले ज्योति की हत्या करके शव को बैग में छिपाया गया। कमरे की तलाशी में पुलिस को उसकी आईडी और भाई धर्मेंद्र का नंबर भी मिला। जिस पर पुलिस ने सूचना दी। भाई से बातचीत के बाद पुलिस को पता लगा कि ज्योति की अभी तक शादी नहीं हुई है। पुलिस ने हत्या का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।