विवेक विहार स्थित गुरुद्वारा परिसर में शुक्रवार को अवैध शराब की खेप मिलने के बाद जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव में शामिल सभी पार्टियों के समर्थक मौके पर पहुंच गए और एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करने लगे।
गुरुद्वारा परिसर में मिली अवैध शराब की खेप, जमकर हुआ हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस दौरान बरामद शराब की फोटो खींच रहे मीडियाकर्मियों के कैमरे भी तोड़ दिए गए। विवेक विहार थाना पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पंथक पार्टी और शिरोमणि अकाली दल(बादल) ने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल (सरना) के प्रत्याशी बलवीर सिंह की ओर से शराब रखवाई गई है। वहीं बलवीर सिंह ने इसे पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह शंटी की साजिश करार दिया है।
गौरतलब है कि बलवीर सिंह का चुनाव कार्यालय गुरुद्वारा परिसर में ही है। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे पंथक पार्टी के समर्थकों ने गुरुद्वारे के सामने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि गुरुद्वारा परिसर में भारी मात्रा में शराब रखी गई है। समर्थकों ने बलवीर सिंह के पोस्टर पर कालिख पोतकर अपनी नाराजगी जाहिर की और पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की।
इसी दौरान शिरोमणि अकाली दल (बादल) के समर्थक भी वहां पहुंचकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पहली मंजिल से पांच पेटी शराब बरामद कर ली। शराब हरियाणा निर्मित थी। शराब मिलते ही वहां मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और प्रत्याशी समर्थकों ने बरामद शराब की फोटोग्राफी कर रहे मीडियाकर्मियों का कैमरा तोड़ दिया। तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। बवाल बढ़ने के बाद कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने उत्तेजित लोगों को शांत कराया।
उधर, पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह शंटी का कहना है कि बलवीर सिंह ने गुरुद्वारे में अपना कार्यालय बना रखा है। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रत्याशी रविंद्र सिंह लवली ने नौ फरवरी को धार्मिक स्थल में चुनाव कार्यालय बंद करवाने के लिए चुनाव अधिकारी व उपराज्यपाल से शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब बलवीर सिंह ने चुनाव के दौरान ने इस्तेमाल करने के लिए मंगवाई थी। वहीं बलवीर सिंह ने जितेंद्र सिंह शंटी पर साजिश रचने का आरोप लगाया है।