गर्मी की छुट्टियों में घर बंद कर यदि आप घूमने जा रहे हैं तो बेफिक्र होकर जाएं। आपके पीछे घर की रखवाली इलाके की पुलिस करेगी। बस आपको छुट्टियों पर जाने से पहले ये काम करना होगा।
बस आपको छुट्टियों पर जाने से पहले पुलिस को सूचना देनी होगी। बंद घरों में चोरी को रोकने के लिए टीएचए की पुलिस ने योजना तैयार कर ली है। इसके लिए पुलिस जल्द ही आरडब्ल्यूए के साथ वार्ता करेगी। लोगों से अपील की जाएगी कि छुट्टी पर जाने से पहले लोकल पुलिस को सूचना देकर जाए।
टीएचए में बंद घरों में चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह दिन में बंद पड़े घरों की रेकी करता है और मौका मिलते ही हाथ साफ कर देता है। इसके चलते गर्मियों की छुट्टियों में चोरी के डर से टीएचए के अधिकांश लोग एक साथ बाहर घूमने नहीं जाते। अब पुलिस की नई योजना के तहत छुट्टियों पर जाने से पहले लोगों को इसकी सूचना पुलिस को देनी होगी।
पुलिस आरडब्ल्यूए और सोसायटियों के सिक्योरिटी गार्ड की मदद से घरों की निगरानी करेगी। एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों में चोरी की वारदातों को रोकने के लिए आरडब्ल्यूए के साथ जल्द बैठक की जाएगी। जो भी बाहर जाएं आरडब्ल्यूए को सूचित करे। पुलिस आरडब्ल्यूए और सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ समन्वय स्थापित कर घरों की सुरक्षा करेगी।
गश्त नहीं होने से बढ़ती है वारदात लोगों का कहना है कि कई इलाकों में पुलिस गश्त नहीं करती। ऐसे में पुलिस को जानकारी होगी तो वह उन इलाकों में गश्त करने के साथ मकानों के आसपास निगरानी रखेगी। इससे क्षेत्र में चोरी की वारदातें कम होंगी।