फरीदाबाद में आयोजित 39वें सूरजकुण्ड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव 2026 में शनिवार शाम झूला टूटने से हुए हादसे में 13 लोग घायल हो गए। इनमें एक इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई जबकि 7 अन्य को गंभीर चोट लगी। बाकी घायलों को मामूली चोट लगी थी और उन्हें तुरंत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मौके पर पहुंचे डीसी आयुष सिन्हा ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। डीसी ने कहा कि झूला संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
2 of 10
टूट कर गिरता झूला
- फोटो : अमर उजाला
दो बार टूटा झूला
सूरजकुंड मेला परिसर में ये हादसा शनिवार शाम लगभग सवा 6 बजे हुआ। एक झूले पर 19 लोग झूल रहे थे। झूला काफी तेजी से ऊपर-नीचे जा रहा था। इसी दौरान एक सिरे से झूला टूट गया और वो जमीन से 2-3 फुट ऊपर हवा में लटक गया। दूसरी ओर का सिरा ऊपर ही था। हादसा होते ही आस-पास के दुकान वाले व पुलिसकर्मी तुरंत बचाने के लिए दौड़े। इन्हीं में झूला परिसर के सिक्योरिटी इंचार्ज इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद भी बचाव में लगे थे। कई लोगों को झूले से नीचे उतार लिया गया था जबकि कुछ को उतारा जा रहा था। झूले के सहारे, आस-पास कई लोग खड़े थे। तभी दूसरे सिरे से भी झूला टूटा और पूरा जमीन पर गिर गया। इसमें कई लोग झूले की चपेट में आ गए और इंस्पेक्टर को गंभीर चोट लगी।
3 of 10
सूरजकुंड मेले में हादसा, इंस्पेक्टर जगदीश
- फोटो : अमर उजाला
निजी अस्पताल में इंस्पेक्टर ने तोड़ा दम
नौ घायलों को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया जबकि चार घायलों को बीके अस्पताल ले जाया गया। निजी अस्पताल में इंस्पेक्टर की मौत हो गई। अन्य घायलों में महिला एएसआई नीलम, महेंद्रगढ़ के सुनील, ग्रेटर नोएडा के हर्ष प्रकाश, राजस्थान के धौलपुर के प्रशांत, फरीदाबाद की अनिशा, नोएडा सेक्टर-78 की शिवानी और परविंदर शामिल हैं।
4 of 10
टूटा झूला
- फोटो : अमर उजाला
सीएम नायब ने जताया दुख
हादसे को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित एवं तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है।
5 of 10
सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा
- फोटो : अमर उजाला
पर्यटन मंत्री बोले
आज शाम 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव 2026 के दौरान झूला क्षेत्र में एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हमारी सबकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। -डॉ. अरविंद शर्मा, पर्यटन मंत्री हरियाणा