कश्मीरी गेट इलाके में बृहस्पतिवार तड़के कार से जॉय राइड के लिए निकले डीपीएस में पढ़ने वाले तीन छात्रों ने फुटपाथ पर सो रहे चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं। कार चला रहे छात्र ने कार समेत भागने की कोशिश की, लेकिन कार के अगले पहिये के क्षतिग्रस्त हो जाने की वजह पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। जख्मी लोगों का सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। छात्र के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर कर लिया है।
पटरी पर सो रहे चार लोगों को कुचलने वाला छात्र बिना बताए घर से ले गया था कार, नहीं था लाइसेंस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र की पहचान मॉडल टाउन ए ब्लॉक निवासी समर्थ चुग के रूप में हुई है। उसके पिता गगन चुग का सदरबाजार में लेडिज बैग का कारोबार है। कार में मौजूद अन्य छात्रों की पहचान मॉडल टाउन ए ब्लॉक निवासी उज्जवल गोयल और रूप नगर डी ब्लॉक निवासी भव्य के रूप में हुई। तीनों छात्र मथुरा रोड स्थित डीपीएस स्कूल में 12वीं (कॉमर्स) के छात्र हैं।
आई 20 कार उज्जवल के पिता राजकुमार के नाम से रजिस्टर्ड है। समर्थ और भव्य बुधवार रात उज्जवल के घर पहुंचे। रात भर पढ़ाई करने के बाद तीनों छात्र तड़के कार लेकर जॉय राइड के लिए निकल गए। कार समर्थ चुग चला रहा था। सुबह सड़क खाली होने की वजह से कार की रफ्तार काफी तेज थी। अंडरपास के ढलान पर समर्थ कार को नियंत्रित नहीं कर पाया और कार दाहिनी ओर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां सो रहे चार लोगों को रौंद दिया।
घटना के बाद कार में बैठे भव्य और उज्जवल फरार हो गए, जबकि समर्थ ने भी कार समेत भागने की कोशिश की। हादसे में कार का अगला पहिया क्षतिग्रस्त हो गया था। इसी दौरान पीसीआर कर्मी वहां पहुंच गए और आरोपी छात्र को दबोच लिया, जबकि भाग रहे दो अन्य छात्रों को फ्लाई ओवर पर पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक मरने वाले युवक की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों की पहचान करावल नगर निवासी करण(26), शाहजहांपुर निवासी आसिफ (30) और गीता कॉलोनी निवासी संजय(28) के रूप में हुई। आसिफ और संजय की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि करण को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
आरोपी छात्र को बताया गया नाबालिग
घटना के बाद परिवार वालों ने आरोपी छात्र को बचाने की कोशिश की। परिवार की ओर से छात्र को नाबालिग बताया गया, लेकिन जांच में पता चला कि समर्थ की उम्र 18 साल एक महीना हो चुकी है। उसके बाद कहा गया कि समर्थ को मिर्गी की बीमारी है। पुलिस उसके मेडिकल की रिपोर्ट की जांच कर रही है। आरोपी छात्र ने बताया कि वह बिना बताए कार लेकर अपने दोस्त से मिलने के लिए मथुरा रोड जा रहा था।