मेजर जनरल स्तर के एक अधिकारी ने सेना के युवा अधिकारियों की पत्नियों के लिए हनीमून थीम पर बेस्ड ऐसी अश्लील पार्टी का आयोजन किया कि सेना ने मजबूर हो उस अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए उसे फिलहाल शंटिंग में डाल दिया है।
अंग्रेजी वेबसाइट डेलीमेल के अनुसार साल की शुरुआत में इस अधिकारी ने आर्मी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पढ़ रहे सेना के युवा अधिकारियों की पत्नियों के लिए एक पार्टी का आयोजन किया। हनीमून थीम पर बेस्ड इस पार्टी में महिलाओं की उत्तेजक कटआट्स लगाई गई थी।
इतना ही नहीं पार्टी हॉल के बीचो-बीच बेड भी सजाया गया था जिसे गुलाब की पंखुड़ियों से सजाया गया था और उस पर हैंडकफ्स भी पड़े हुए थे। बवाल तब मचा जब इस पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और बात दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय तक पहुंच गई।
सैन्य अधिकारियों के लिए यह बेहद शर्मिंदा करने वाला था क्योंकि सेना में महिलाओं को अत्यधिक सम्मान देने की परंपरा रही है। इस पार्टी में पहुंची सैन्य आधिकारियों की कुछ पत्नियों ने भी पार्टी की थीम और वहां किए गए आपत्तिजनक इंतजाम पर गुस्सा जाहिर किया और उच्च अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की थी।
सेना प्रमुख ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सेना एक परिवार की तरह है। इस तरह का काम करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी सेना के नैतिक ताने-बाने को कमजोर कर सकता है।