रिलायंस जियो अब एक और धमाका करने जा रहा है। अब मोबाइल के बाद जियो इन सरकारी कॉलेजों को फ्री वाई-फाई की सुविधा देने जा रहा है।
दरअसल, पंजाब की शिक्षामंत्री अरुणा चौधरी ने एलान किया है कि सूबे के सभी 48 सरकारी कॉलेजों में वाई-फाई की मुफ्त सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए चौधरी की मौजूदगी में उच्च शिक्षा विभाग और रिलायंस जिओ के बीच एक समझौता भी हुआ।
इस पर विभाग के सचिव अनुराग वर्मा और रिलायंस के स्टेट हेड टीपीएस वालिया ने हस्ताक्षर किए। इससे पहले तकनीकी शिक्षा विभाग भी ऐसा समझौता कर चुका है।
चौधरी ने कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों को सूचना-तकनीक से जोड़ने के मकसद से सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने विद्यार्थियों के लिए वाई-फाई की सुविधा का एलान किया था। जिसके पहले चरण में कॉलेज कैंपस वाई-फाई किए जा रहे हैं। इसके बाद एडेड कॉलेजों को भी इसके दायरे में लाया जाएगा।
चौधरी ने कहा कि सभी सरकारी कॉलेजों के प्रिंसिपल को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द रिलायंस जिओ की टीमों के साथ तालमेल करके कैंपस में उचित जगह उपलब्ध कराएं। वाई-फाई सिस्टम को सुरक्षा मुहैया कराई जाए।