बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी का खास मौका हाथ आने वाला है। पंजाब पुलिस में 4000 खाली पद भरने की तैयारी हो रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में सभी रैंकों के 4000 मौजूदा पद भरने के लिए शीघ्र कदम उठाने के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि हर साल 2000 पुलिस कर्मचारियों की भर्ती, उन पदों पर की जाए जो पुलिस कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से खाली हो जाते हैं।
गृह और पुलिस विभाग के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में सभी पदों को प्राथमिकता के आधार पर निरंतर भर्ती सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए। पुलिस कर्मचारियों की कमी पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के पद भरने के मामले में देरी नहीं होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने वीआईपी ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को बदलकर इस विभाग में बड़े सुधारों का आरंभ किया है। कैप्टन ने कहा कि पुलिस की मूल सेवा राज्य में अमन शांति व सद्भावना कायम रखना है। इससे किसी भी कीमत पर कोई समझौता नही किया जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के चुनाव वायदे के अनुसार पुलिस फोर्स में सुधार के लिए अपनी सरकार की वचनबद्धता को दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय पर भर्ती करने से राज्य में नवयुवकों के लिए रोजगार के अति आवश्यक अवसर पैदा करने में भी सहायता मिलेगी।