पठानकोट एयरबेस आतंकी हमले के मामले में सुर्खियों में रहे एसपी सलविंदर सिंह पर सरकार ने अब कड़ा एक्शन लिया है, देखिए
दरअसल, पठानकोट एयरबेस आतंकी हमले के मामले में सुर्खियों में रहे पंजाब पुलिस के एसपी सलविंदर सिंह को आखिरकार राज्य सरकार ने घर भेज दिया है।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से उनके विवादास्पद आचरण, अनुशासनहीनता और पंजाब पुलिस की प्रतिष्ठा को दागदार करने के मामलों को देखते हुए उनके तत्काल प्रभाव से समयपूर्व रिटायरमेंट के आदेश जारी कर दिए गए। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सरकार से इस फैसले की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, राज्य पुलिस महानिदेशक सुरेश अरोड़ा ने सलविंदर को समय पूर्व रिटायर करने की सिफारिश सूबे के गृह विभाग को भेजी थी, जिस पर गृह विभाग ने मुख्यमंत्री से मंजूरी ले ली। 54 वर्षीय सलविंदर सिंह पिछले साल उस समय चर्चा में आए थे, जब आतंकवादियों ने उनकी एसयूवी गाड़ी कब्जे में लेकर पठानकोट एयरबेस पर हमले में उसका इस्तेमाल किया था।
इस मामले में जब एनआईए ने सलविंदर सिंह से पूछताछ की और उसका लाई-डिटेक्टर टेस्ट भी कराया। हालांकि, बाद में उन्हें क्लीन चिट भी दे दी गई थी। इसके बाद सलविंदर पर यौन उत्पीड़न और दुराचार के दो मामले भी दर्ज हुए, जिनके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया और बाद में गिरफ्तार कर अमृतसर सेंट्रल जेल में बंद रखा गया।