पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के बीच लंबे समय से खिंचीं तलवारें अभी तक तनी हुई हैं। दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
सिद्धू की पत्नी बोलीं- कैप्टन ने पार्टी में सिद्धू को नहीं बुलाया, ट्विटर पर गुरु का दर्द आया सामने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ताजा बयान नवजोत सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने दिया है। उन्होंने अपने पति का बचाव करते हुए आरोप लगाया है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लोकसभा चुनाव में आठ सीटें जीतने के बाद मंत्रियों, विधायकों और विजयी उम्मीदवारों के लिए चंडीगढ़ में चाय पार्टी आयोजित की थी। उसमें नवजोत सिद्धू को बुलाया ही नहीं गया था। उल्लेखनीय है कि इस चाय पार्टी से नवजोत सिद्धू के गैर हाजिर रहने को लेकर मीडिया में कई तरह की टिप्पणियां सामने आई थीं।
विवाद पर पहली बार सिद्धू की पत्नी ने मीडिया के सामने आकर सफाई दी कि नवजोत सिद्धू चाय पार्टी से गैरहाजिर नहीं थे बल्कि उन्हें इस पार्टी में बुलाया हीं नहीं गया था। उन्होंने आगे कहा कि सिद्धू मुख्यमंत्री की कुर्सी पाने के इच्छुक नहीं हैं और इसे लेकर जो भी बातें कही जा रही हैं वह जानबूझ कर विवाद पैदा करने की कोशिश है।
उन्होंने कहा कि उनके पास इस तरह की बातें सोचने का न तो समय है और न ही वे ऐसी किसी उम्मीद से काम करते हैं। नवजोत कौर ने कहा कि सिद्धू का सारा ध्यान अपने विभाग के कामकाज पर लगा है और वे ज्यादा से ज्यादा सुधार लाना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने हाल ही में अपने विभाग का रिपोर्ट कार्ड भी मीडिया के सामने पेश किया था। गौरतलब है कि सिद्धू ने हाल ही में बयान जारी कर प्रदेश में लागू की गई ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और नक्शे पास करने की व्यवस्था को अपने विभाग की बड़ी उपलब्धि बताया था।
सिद्धू के इस बयान को भी कैप्टन के उस आरोप का जवाब माना गया था, जिसमें कैप्टन ने कहा था कि स्थानीय निकाय विभाग ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा। उधर नवजोत सिंह सिद्धू अपने टि्वटर अकाउंट पर शेरो-शायरी का दौर शुरू किए हुए हैं। अब राजनीतिक कयास भी शुरू हो गए हैं। हाल ही में सिद्धू ने अपने विभाग की परफार्मेंस रिपोर्ट भी जारी की। एक बार फिर सिद्धू ने ट्वीट कर लिखा कि- 'बहादुर कब किसी का आसरा एहसान लेते हैं, उसी को कर गुजरते हैं जो मन में ठान लेते हैं।' बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब सिद्धू ने शेरो-शायरी भरा ट्वीट किया हो।
बहादुर कब किसी का आसरा एहसान लेते हैं,
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) June 2, 2019
उसी को कर गुजरते हैं जो मन में ठान लेते हैं|