ट्रेन टिकट को लेकर इंडियन रेलवे ने एक बड़ा बदलाव किया है, जिसके तहत यात्री अब एक और तरीके से टिकट खरीद सकेंगे, जानने के लिए खबर पढ़ें।
दरअसल, रेलवे की सामान्य टिकट भी अब ऑनलाइन ही खरीद जा सकेगी। इसके लिए रेलवे ने ‘यूटीएसओएनएमओबीआईएलई’ मोबाइल एप तैयार किया है। इस मोबाइल एप का इस्तेमाल यात्री ज्यादा से ज्यादा करें, इसके लिए रेलवे कर्मचारी व अफसर अब यात्रियों को जागरूक करेंगे, ताकि यात्रियों को टिकट खरीदने के दौरान सहुलियत मिल सके।
मंडल रेल प्रबंधक गुरिंदर मोहन सिंह के निर्देशों पर विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्थानीय रेलवे प्रशासन सात दिन का जागरूक अभियान शुरू करने जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक हरि मोहन ने बताया कि टिकट खरीद के दौरान यात्रियों को लाइन से छुटकारा दिलाना, कैशलेस सुविधा प्रदान करना, किसी भी प्रकार की कैश के लेनदेन में होने वाली त्रुटि से निजात दिलाने के साथ-साथ पारदर्शिता को प्रोत्साहन देने के इरादे से इस मोबाइल एप की शुरूआत की गई है।
अब इस मोबाइल एप को ज्यादा से ज्यादा आमजन तक पहुंचाया जाए, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। सीनियर डीसीएम हरि मोहन के अनुसार, इस एप के उपयोग से यात्री अपनी टिकट को स्वयं बुक कर सकता है, जो यात्री को पेपरलेस और कैशलेस की सुविधा उपलब्ध करवाता है। इस एप के द्वारा टिकट बुक करने पर यात्री द्वारा करवाए गए रिचार्ज पर 5 प्रतिशत का बोनस भी दिया जाता है।
इस संबंध में जागरूकता अभियान के लिए अब 11 जनवरी तक हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में मंडल के सभी बड़े स्टेशनों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके अंतर्गत स्टेशनों पर यात्रियों के लिए विशेष हेल्प डेस्क भी तैयार किए जाएंगे। स्टेशनों पर इस संबंध में पोस्टरों, बैनरों तथा स्टीकर आदि के माध्यम से भी लोगों को इस एप के बारे मे अधिक से अधिक सूचना पहुंचाई जा रही है।