एक झटके में परिवार खत्म हो गया। पति, पत्नी, बेटा और बेटी को ऐसी मौत आई कि शवों का हाल देखकर हर कोई हैरान रह गया।
हादसा हरियाणा के कैथल में गुहला-चीका के पास हुआ। वीरवार शाम हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पटियाला रोड पर गांव टटियाणा के निकट एक बोलेरो चालक ने बाइक सवार पूरे परिवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार, उसकी पत्नी, 7 साल के मासूम बेटे व 4 साल की मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वहीं गांव खुशहाल माजरा में हादसे के बाद मातम पसर गया। जिला अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव खुशहाल माजरा निवासी 32 वर्षीय निशान सिंह जेसीबी पर बतौर चालक कार्य करता था। वीरवार को वह अपनी पत्नी सर्वजीत कौर व 7 साल के बेटे जसबीर व 4 वर्षीय बेटी खुशप्रीत को बाइक पर लेकर अपनी सुसराल पंजाब के राजपुरा जाने के लिए घर से निकला था।
निशान सिंह को अपने साले की किडनी बदलवाने के लिए उसे दिल्ली लेकर जाना था। जैसे ही निशान सिंह घर से कुछ किलोमीटर की दूरी पर पहुंचा था कि गांव टटियाना के पास सामने से तेज गति से आ रही बोलेरो गाड़ी चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिस कारण पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार लोग उछल कर सड़क पर दूर जा गिरे।
बोलेरो चालक इन सभी को रौंदते हुए ऊपर से निकाल कर ले गया। टक्कर के बाद निशान सिंह, उसकी पत्नी सर्वजीत कौर व बेटे जसबीर की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हुई बेटी खुशप्रीत को चीका के महावीर दल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया है।