डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम से मिलने के लिए एक परिवार ने ऐसी हरकत कर दी, पुलिस विभाग और जेल में हड़कंप मच गया।
आनन फानन में कार्रवाई की गई और परिवार को शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। परिवार के लोगों ने बताया कि कनाडा जाने से पहले वह अपनी बेटी को ‘पिताजी’ से आशीर्वाद दिलाने लाए थे। पूछताछ के बाद परिवार को जाने दिया गया। हुआ यूं कि सिरसा का एक परिवार बेटी को छोड़ने दिल्ली एयरपोर्ट जा रहा था। उनकी 19 वर्षीय बेटी एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए कनाडा जा रही थी।
रास्ते में सुनारिया जेल पड़ी तो उन्होंने अपनी कार जेल की ओर मोड़ दी। जैसे ही कार ने एक नाका पार किया तो सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि रविवार को सिरसा निवासी जगमाल अपनी बेटी गुरप्रीतकौर को परिवार के सदस्यों के साथ कार द्वारा दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ने के लिए जा रहा था। गुरप्रीत को दिल्ली से कनाडा जाना था। जहां उसे एमबीबीएस में एडमिशन लेना है।
गुरप्रीत ने 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई रामरहीम के स्कूल से की थी। उसने परिजनों से सुनारिया जेल में बंद रामरहीम से मिलने की इच्छा जाहिर की। जिस पर कार में सवार गुरप्रीत कौर के पिता जगमाल के अलावा उनकी पत्नी, बहन, चाचा का लड़का मुकेश आदि सुनारियां जेल के लिए कार को लेकर चल दिए। परिवार ने सुनारिया जेल के रास्ते में पड़ने वाले एक नाके को पार कर लिया। कार के जेल की तरफ जाने की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
आनन फानन में चौकसी बरतते हुए दूसरे नाके से पहले ही पुलिस ने परिवार को कार समेत हिरासत में ले लिया। जांच पड़ताल की गई तो परिवार सिरसा का निकला। गुरप्रीतकौर के पास कनाडा जाने के लिए वीजा भी था। करीब तीन घंटे तक की गई पूछताछ के बाद परिवार को जाने दिया गया।