अवैध संबंधों के चलते सिरफिरे पति ने अपनी ही पत्नी, सास-ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी। वह इसके बाद भी नहीं रूका...
घटना पंजाब के फिरोजपुर की है, जहां जीरा की बस्ती मलसियां वाली में मंगलवार देर रात एक दामाद ने तेजधार हथियार ने पत्नी, सास और ससुर का कत्ल कर दिया। साथ ही साले और उसकी पत्नी को भी गंभीर जख्मी कर दिया। आरोपी ने खुद पर भी तेजधार हथियार से वारकर खुदकुशी का प्रयास किया।
बस्ती मलसियां वाली वासी साहिब सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन रीना की शादी 10 साल पहले किशन सिंह वासी दूनेके जिला मोगा से हुई थी। उनके दो बच्चे थे। किशन के किसी अन्य महिला के साथ संबंध थे। इसे लेकर रीना और किशन के बीच हमेशा झगड़ा रहता था। रीना बीते 20 दिनों से अपने मायके में रह रही थी।
इस बात पर किशन अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से नाराज था। साहिब सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर किशन का पिता प्रकाश सिंह रीना को अपने साथ लेने आया था। परिवार के सदस्यों ने कहा कि पंचायत में बातचीत करने के बाद रीना को ससुराल छोड़कर आएंगे। प्रकाश सिंह यह कहकर चला गया कि रीना को साथ भेजकर अच्छा नहीं किया है, इसका अंजाम भुगतना होगा।
मंगलवार देर रात एक बजे किशन अपने ससुराल घर की दीवार फांदकर घर में प्रवेश हुआ। घर में सो रहे ससुराल परिवार पर तेजधार हथियार से वारकर दिया। साहिब के अनुसार चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर वह कमरे से बाहर आया तो देखा कि किशन ने तेजधार हथियार से अपनी पत्नी रीना, ससुर मंगल सिंह और सास महिंदर कौर पर वारकर हत्या कर दी। उसने साहिब सिंह और उसकी पत्नी अमन कौर को भी गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।