मौसम के तेवर में बदलाव अब हादसों का सबब भी बनने लगा है। शनिवार सुबह घने धुंध के चलते थाना समालसर क्षेत्र के गांव रोड़े के पास ट्रक को ओवरटेक कर रही एक प्राइवेट बस सामने से आ रहे कैंटर से जा टकराई।
हादसे में बस में सवार करीब दस यात्री घायल हो गए। मौके पर दुर्घटना का सिलसिला यहीं नहीं थमा। धुंध इतनी थी कि पीछे से आ रही एक और बस के चालक को दुर्घटनाग्रस्त वाहन नजर नहीं आए और वह भी टक्कर के कारण हादसे का शिकार हो गई।
घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में दाखिल करवाया गया है। घायलों का इलाज कर रहे डॉ अशोक सिंगला ने बताया कि बस चालक अमरजीत सिंह की हालत ठीक न होने के चलते उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल में घायल कैंटर चालक कमलजीत सिंह निवासी बंठिडा ने बताया कि वह शनिवार सुबह मोगा से अपने कैंटर को लेकर बठिंडा की ओर जा रहा था।
जैसे ही कोटकपूरा नेशनल हाईवे पर पड़ते रोड़े कॉलेज के पास पहुंचा एक प्राइवेट कंपनी की बस उसके वाहन से जा टकराई। इसके चलते वह घायल हो गया तथा बस में बैठे यात्री भी घायल हो गई। उसने बताया कि उसी दौरान बस के पीछे से एक और और बस की भी टक्कर हो गई। उसने बताया कि धुंध होने के चलते यह हादसा हुआ है।
हादसे में घायल सिंडीकेट बस के चालक अमरजीत सिंह निवासी जलांधर, हरचरण निवासी बंठिडा, महिला शामा पत्नी मोहिंदर सिंह निवासी हनूमानगढ़ राजस्थान, अलपना पत्नी नीरज निवासी जालधर, सुधीर शर्मा निवासी बिहार, कमलजीत कुमार निवासी बठिंडा, उषा रानी पत्नी हरी शगन, रंविदर शर्मा निवासी बाघापुराना, प्रीतम चंद निवासी बंठिडा तथा संजीव कुमार निवासी जालंधर घायल हो गए।