मस्जिद में घुसकर एक हमलावर ने धार्मिक ग्रंथ पढ़ रहे बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। धार्मिक ग्रंथ पर भी खून बिखर गया, CCTV तस्वीरें...
घटना हरियाणा के सोनीपत की है, जहां जीटी रोड स्थित गांव रसोई में मस्जिद में घुसकर एक हमलावर ने धार्मिक ग्रंथ पढ़ रहे बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। धार्मिक ग्रंथ पर भी खून बिखर गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
हत्या को अंजाम देने वाला आरोपी मस्जिद में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। हमलावर ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था और टोपी पहन रखी थी। इससे पुलिस को हमलावर की पहचान करने में दिक्कत हो रही है। वहीं, मस्जिद के अंदर रमजान के महीने में हुई वारदात से लोगों में रोष है।
मूलरूप से बागपत के गांव सांटी का रहने वाला शब्बीर अहमद (63) करीब दो दशक से अपने परिवार के साथ गांव बढ़खालसा में रहते थे। वह कई दिन से रसोई स्थित मस्जिद में रमजान माह के दौरान एतकाब कर रहे थे। वह रात को मस्जिद में बैठ कर धार्मिक ग्रंथ पढ़ रहे थे। इसी दौरान एक हमलावर मस्जिद में आया और शब्बीर अहमद के सिर में गोली मारकर फरार हो गया।
शब्बीर की मौके पर ही मौत हो गई। मस्जिद के मौलवी कारी नसीम ने बताया कि पहले उसने सोचा कि हाईवे पर किसी वाहन का टायर फट गया। बाद में जब वह मस्जिद में पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर वह हतप्रभ रह गया। शब्बीद अहमद खून से लथपथ पड़ा था। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुंडली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।