सुबह का समय था, सड़क पर काफी धुंध थी। ड्राइवर बस को बहुत तेजी से भगा रहा था, पीछे बैठे लोगों ने कहा भी कि भइया बस धीरे चलाओं लेकिन ड्राइवर नहीं माना और...
घने कोहरे के चलते पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का राजमार्ग स्थित गांव करि कलां में मंगलवार सुबह पंजाब रोडवेज की बस और ट्राले की भिड़ंत में दो शिक्षकों समेत पांच की मौत हो गई। हादसे में 35 लोग जख्मी हो गए, इनमें से सात की हालत नाजुक बनी हुई है।
सुबह पौने आठ बजे घनी धुंध में बस और ट्राले की भिड़ंत के बाद जख्मियों की चीख पुकार से गांव करि कलां में भगदड़ मच गई। ग्रामीण जख्मियों की मदद के लिए घटनास्थल की तरफ दौड़े और उन्हें विभिन्न वाहनों की मदद से फिरोजपुर, फरीदकोट और अमृतसर के अस्पतालों में पहुंचाया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस चालक अपनी सीट से पीछे जाकर गिरा। बस खून से लथपथ थी। लाशें बस की सीट और बस से बाहर लटकी हुई थी। बस में शिक्षक और पुलिस मुलाजिमों समेत चालीस लोग सवार थे।
जख्मी अमृतपाल सिंह ने बताया कि बस चालक परमजीत सिंह को कंडक्टर ने रफ्तार धीमे करने को कहा था लेकिन ड्राइवर ने उसकी कोई बात नहीं सुनी। बस का सायरन भी खराब था। चालक किसी वाहन को ओवर टेक कर रहा था, तभी जलालाबाद से आ रहे ट्राले से जाकर भिड़ गई।