गोद में बैठी खेल रही थी, अचानक कुछ ऐसा हुआ कि 6 महीने की बच्ची अनाथ हो गई। न मां-बाप रहे और न ही राखी बंधवाने वाला भाई।
दरअसल, लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर जगरांव के पास वीरवार की सुबह एक ट्रक और कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। जिसमें चंडीगढ़ के रहने वाले वकील, उनकी पत्नी और चार साल के बेटे की मौत हो गई। जबकि छह महीने की बेटी और नौकरानी बच गई।
नौकरानी गंभीर रूप से घायल है, उसकी हालत अभी गंभीर है। बताया जा रहा है कि गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी। जिस कारण टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलने के बाद जगरांव की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद एडवोकेट सुदर्शन कुमार, उनकी पत्नी सीमा (28) और बेटे ध्रुव (4) के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुदर्शन कुमार चंडीगढ़ में रहते हैं और वहीं वकालत करते हैं। वह आई-20 कार में सवार होकर चंडीगढ़ से फिरोजपुर के लिए रवाना हुए थे। जहां उन्होंने अपने रिश्तेदार के घर जाना था। जब उनकी गाड़ी जगरांव के नानकसर गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंची तो कार डिवाइडर से टकरा कर बेकाबू हो गई और दूसरी तरफ जा पहुंची। कार की रफ्तार तेज होने के कारण काबू में नहीं आ सकी और कार कोल्ड्रिंक से भरे खड़े ट्रक में जा घुसी। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
कार की टक्कर के तुरंत बाद आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के आने से पहले ही लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाल कर इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां सुदर्शन, उनकी पत्नी और बेटे को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।