आखिरकार उस शख्स के बारे में पता चल ही गया, जिस पर छतबीड़ जू में शेर-शेरनी 'मौत' बनकर टूटे थे। खुलासा बेहद चौंकाने वाला हैं, पढ़कर आपके भी होश उड़ जाएंगे।
छतबीड़ जू की लायन सफारी में रविवार को शेर-शेरनी का शिकार बने मृतक युवक की पहचान हो गई है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जट्टा शंकर (34) निवासी भूरावीर घाट थाना मोतीपुर, जिला बहराइच, यूपी के रूप में हुई हैं। उसका भांजा, मामा के गुम होने की शिकायत लेकर बलटाना पुलिस चौकी पहुंचा था। वह जो फोटो लेकर आया, उससे मृतक की पहचान हुई। फिर भांजे ने शव देखकर मामा के होने की पुष्टि की।
मृतक जट्टा शंकर के भांजे शैलेश मौर्या निवासी बलटाना ने बताया कि गत 15 जनवरी को मामा उससे मिलने आया था। मामा यूपी के उक्त गांव में खेती करता है और पिछले कुछ वर्षों से मानसिक रूप से बीमार था। गोरखपुर के एक अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था। शैलेश ने बताया कि शनिवार रात तक मामा घर पर था। अगली सुबह रविवार वह बिना कुछ बताए बाहर चला गया।
शाम तक जब मामा घर वापस नहीं पहुंचा तो उसने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को मामा के लापता होने की शिकायत लेकर वह बलटाना पुलिस चौकी अधिकारियों के पास पहुंचा, जो वे उसे डेराबस्सी अस्पताल ले गए। अस्पताल की मोर्चरी में पुलिस अधिकारियों ने मामा की पहचान पहले कपड़ों से और फिर चेहरे से करवाई।
शैलेश द्वारा मृतक की पहचान करने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। अपने मामा जट्टा शंकर की फोटो को दिखाते हुए शैलेश ने बताया कि मामा शादीशुदा था, एक 4 साल का बेटा और 3 साल की बेटी है। परिवार में उसका एक बड़ा और एक छोटा भाई है, वे भी किसान हैं। मामा यूपी में अपने गांव में खेती करता था और 4 साल पहले उसके भाई की मौत हो गई, जिसके बाद से मामा परेशान रहने लगा।