आम खाने के शौकीनों के लिए बेहद जरूरी खबर। बाजार जाएं तो ये वाला आम भूलकर भी न खरीदें, क्योंकि यह आपके शरीर के लिए खतरनाक हो सकता है।
बात ये हैं कि पपीते के बाद आम को भी कैल्शियम कार्बाइड से पकाने का मामला सामने आया है। फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने मंगलवार सुबह चंडीगढ़ में छापा मारकर करीब 180 किलो आम पकड़ा है। ये आम कैल्शियम कार्बाइड से पकाए जा रहे थे।
बता दें कि फलों के पकाने के लिए केमिकल के इस्तेमाल पर रोक है। इसके बावजूद आम को कैमिकल से पकाया जाता है। फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की हिदायत को दरकिनार करके मंडी में चोरी-छिपे यह काम अंजाम दिया जा रहा है।
पिछले डेढ़ हफ्ते में फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की यह चौथी रेड है। सबसे पहली रेड में ढाई टन पपीता, उसके बाद पांच टन पपीता, फिर 200 किलो आम और मंगलवार को 180 किलो आम पकड़ा गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि जहां से फलों की सप्लाई होती है, वहां पर केमिकल या इथिलिन नहीं डाला जाता। चंडीगढ़ में फल पकाने का काम होता है। लोगों को यदि स्वच्छ फल खरीदने हैं तो सुबह छह बजे के आसपास मंडी पहुंचें और फल खरीदें। उस दौरान जो भी फल मिलेंगे वे ताजे और स्वच्छ होंगे।